Raw Papaya Chutney Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही खाने-पीने की आदतें बदलने लगती हैं. इस समय लोग ऐसा खाना पसंद करते हैं जो हल्का हो, जल्दी पच जाए और शरीर को ठंडक दे. कई बार रोजाना की दाल, रोटी और सब्जी का स्वाद थोड़ा बोरिंग लगने लगता है. ऐसे में खाने के साथ अगर कोई चटपटी और स्वाद से भरी चटनी मिल जाए, तो पूरा खाना मजेदार बन जाता है. आमतौर पर लोग धनिया, पुदीना या टमाटर की चटनी खाते हैं, लेकिन गर्मियों में कच्चे पपीते की चटनी एक शानदार ऑप्शन साबित हो सकती है.
कच्चा पपीता सिर्फ सेहत के लिए ही अच्छा नहीं माना जाता, बल्कि इससे बनी चटनी स्वाद में भी जबरदस्त लगती है. इसमें हल्की मिठास, थोड़ा तीखापन और मसालों की खुशबू ऐसा स्वाद देती है कि साधारण खाना भी खास लगने लगता है. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और कुछ ही मिनटों में ये तैयार हो जाती है, अगर आप भी गर्मियों में कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो कच्चे पपीते की ये तीखी-मीठी चटनी जरूर बनाकर देखें.
क्यों खास है कच्चे पपीते की चटनी
कच्चा पपीता पेट के लिए काफी अच्छा माना जाता है. गर्मियों में जब भारी खाना खाने से आलस और पेट में परेशानी महसूस होती है, तब हल्की चीजें ज्यादा राहत देती हैं. कच्चे पपीते की चटनी खाने के स्वाद को बढ़ाने के साथ पेट को भी आराम देने का काम करती है. इस चटनी में इस्तेमाल होने वाले मसाले जैसे सौंफ, लौंग, दालचीनी और नींबू स्वाद को और भी मजेदार बना देते हैं. वहीं किशमिश और चीनी इसकी मिठास को बैलेंस करती है. यही वजह है कि ये चटनी तीखी, मीठी और हल्की खट्टी तीनों फ्लेवर का शानदार कॉम्बिनेशन बन जाती है.
चटनी बनाने के लिए जरूरी चीजें
-1 मीडियम साइज कच्चा पपीता
-आधा चम्मच नमक
-2 गिलास पानी
-1 चम्मच देसी घी
-15-20 किशमिश
-10-12 काजू
-थोड़ा सौंफ
-2-3 लौंग
-थोड़ा दगड़ फूल
-साबुत लाल मिर्च
-दालचीनी का छोटा टुकड़ा
-स्वाद के हिसाब से चीनी
-थोड़ा जायफल
-1 चम्मच नींबू का रस
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट कच्चे पपीते की चटनी
-सबसे पहले कच्चे पपीते को अच्छे से धो लें और उसका छिलका उतार दें. अब इसे दोबारा साफ पानी से धोकर कद्दूकस कर लें. इसके बाद एक पैन में कद्दूकस किया हुआ पपीता डालें और उसमें नमक और पानी मिलाकर करीब 8 से 10 मिनट तक उबालें. इससे पपीता नरम हो जाएगा. अब पपीते का पानी छानकर अलग कर दें. दूसरी तरफ कड़ाही में देसी घी गर्म करें और उसमें काजू और किशमिश हल्के सुनहरे होने तक भून लें. इन्हें निकालने के बाद उसी घी में सौंफ, लौंग, दगड़ फूल, साबुत लाल मिर्च और दालचीनी डालकर भूनें. मसालों की खुशबू आते ही उबला हुआ पपीता इसमें डाल दें.
अब इसमें नमक और चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसे ढककर कुछ देर मीडियम आंच पर पकने दें. इस दौरान अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं होती क्योंकि चीनी पिघलकर चटनी को सही टेक्सचर दे देती है. जब चटनी अच्छी तरह पकने लगे, तब इसमें भुनी हुई किशमिश डाल दें और धीरे-धीरे चलाते रहें. आखिर में गैस बंद करके ऊपर से थोड़ा जायफल कद्दूकस करें और नींबू का रस डाल दें. इससे चटनी का स्वाद और भी बढ़ जाता है.
किन चीजों के साथ खा सकते हैं ये चटनी
कच्चे पपीते की ये चटनी रोटी, पराठा, दाल-चावल और स्नैक्स के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है, अगर घर में मेहमान आए हों, तो इसे साइड डिश की तरह भी परोसा जा सकता है. गर्मियों में हल्के खाने के साथ ये चटनी खाने का मजा दोगुना कर देती है.
गर्मियों के लिए क्यों है परफेक्ट
इस चटनी में इस्तेमाल होने वाली चीजें पेट को भारी नहीं करतीं. पपीता और सौंफ जैसी चीजें गर्मियों में शरीर को हल्का महसूस कराने में मदद करती हैं. साथ ही इसका स्वाद इतना अलग होता है कि बच्चे से लेकर बड़े तक इसे पसंद कर सकते हैं.