Hari Moong Dal Mughlai Recipe: रोज-रोज एक जैसी दाल खाकर अगर घर में किसी का मन थोड़ा ऊबने लगा है, तो डिनर में कुछ नया ट्राई किया जा सकता है. साबुत हरी मूंग से बनने वाली दाल मुगलई स्वाद में भरपूर होने के साथ बनाने में भी बहुत मुश्किल नहीं है. आमतौर पर घरों में मूंग दाल को हल्के मसालों के साथ बनाया जाता है, लेकिन इसमें थोड़ा शाही अंदाज जोड़ दिया जाए तो वही दाल खाने की मेज पर बिल्कुल अलग नजर आती है. सेलिब्रिटी शेफ कुणाल कपूर ने भी साबुत मूंग से तैयार होने वाली हरी मूंग दाल मुगलई की रेसिपी शेयर की है.
इसमें भुने हुए प्याज की खुशबू, घी का तड़का, लौंग और सूखी लाल मिर्च का स्वाद दाल को खास बनाता है. ऊपर से नींबू की हल्की खटास इसका स्वाद और बढ़ा देती है, अगर आप आज रात डिनर में साधारण दाल की जगह कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके काम आ सकती है.
हरी मूंग दाल मुगलई के लिए सामग्री
इस दाल को बनाने के लिए सबसे पहले साबुत हरी मूंग की जरूरत होगी. इसके अलावा प्याज, हरी मिर्च, अदरक, हल्दी, नमक और मक्खन रखें. दाल में तड़का लगाने के लिए घी, सूखी लाल मिर्च और लौंग की जरूरत होगी. आखिर में नींबू का रस डालने से स्वाद में अच्छा संतुलन आता है.
दाल को पहले भिगोना जरूरी
साबुत मूंग को बनाने से पहले अच्छी तरह धोकर कम से कम एक घंटे के लिए पानी में भिगो दें, अगर समय हो तो इसे रातभर भिगोकर रखना बेहतर रहेगा. इससे मूंग जल्दी पकती है और दाल का टेक्सचर भी अच्छा आता है. भीगी हुई मूंग को एक बार फिर साफ पानी से धो लें. इसके बाद इसे पकाने के लिए रख दें. घर में प्रेशर कुकर इस्तेमाल करते हैं तो उसमें भी मूंग को आसानी से पकाया जा सकता है. ध्यान रखें कि दाल बहुत ज्यादा पतली न हो.
(इमेज AI)
भुना प्याज बनाएगा दाल को खास
अब एक पैन में घी गर्म करें और इसमें पतले कटे हुए प्याज डालें. प्याज को पहले मध्यम आंच पर पकाएं और फिर आंच धीमी कर दें. इसे धीरे-धीरे ब्राउन होने दें. प्याज को जल्दी तेज आंच पर भूनने की कोशिश न करें, वरना यह ऊपर से जल सकता है और अंदर से कच्चा रह सकता है. जब प्याज अच्छी तरह सुनहरा-भूरा हो जाए तो उसे पैन से निकालकर अलग रख दें. यही भुना प्याज बाद में दाल को मुगलई स्वाद देने में अहम भूमिका निभाएगा.
अब दाल में मिलाएं मसाले
दाल पकने लगे तो इसमें भुना हुआ प्याज, हल्दी, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक और नमक डालें. साथ में थोड़ा मक्खन भी मिला दें. अब इसे धीमी से मध्यम आंच पर तब तक पकाएं, जब तक साबुत मूंग अच्छी तरह नरम न हो जाए. दाल गलने के बाद चम्मच की मदद से कुछ दानों को हल्का दबा दें. इससे दाल थोड़ी गाढ़ी और क्रीमी हो जाएगी. हालांकि इसे पूरी तरह मैश करने की जरूरत नहीं है. साबुत मूंग के कुछ दाने बने रहने से इसका स्वाद और टेक्सचर अच्छा लगता है.
आखिर में लगेगा स्पेशल तड़का
अब तड़के के लिए एक छोटे पैन में घी गर्म करें. इसमें सूखी लाल मिर्च और लौंग डालें. जैसे ही मसालों की खुशबू आने लगे, गैस बंद कर दें और यह गर्म तड़का तैयार दाल के ऊपर डाल दें. अंत में दाल में थोड़ा नींबू का रस डालें और अपनी पसंद के अनुसार मक्खन मिलाएं. बस, आपकी हरी मूंग दाल मुगलई तैयार है. इसे गरमा-गरम रोटी, नान, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है.