Last Updated:
गर्मी के मौसम में बच्चों के लिए बाजार की बजाय घर पर बनी अमृतसरी स्टाइल मिक्स फ्रूट आइसक्रीम एक हेल्दी और टेस्टी विकल्प है. ताजे फलों, दूध और मलाई से तैयार यह आइसक्रीम बिना किसी केमिकल के बनती है, जिससे यह स्वाद के साथ सेहत का भी पूरा ख्याल रखती है.
गोरखपुर. गर्मी का मौसम शुरू होते ही बच्चों की सबसे पहली डिमांड होती है आइसक्रीम, लेकिन बाजार में मिलने वाली आइसक्रीम कई बार बच्चों की सेहत पर बूरा असर डालती है. जिससे सर्दी, जुकाम और बुखार जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं. ऐसे में अगर आप बच्चों को कुछ टेस्टी और हेल्दी देना चाहते हैं, तो घर पर ही अमृतसरी स्टाइल मिक्स फ्रूट आइसक्रीम एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. गोरखपुर के दीपक जायसवाल के मुताबिक, इस खास पंजाबी और ऑथेंटिक आइसक्रीम को घर पर बनाना बेहद आसान है. इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी आसानी से मिल जाती है. सबसे खास बात यह है कि, इसमें किसी तरह के केमिकल या प्रिजर्वेटिव का इस्तेमाल नहीं होता, जिससे यह बच्चों के लिए पूरी तरह सुरक्षित रहती है.
किन चीजों की होगी जरूरत
मिक्स फ्रूट आइसक्रीम बनाने के लिए आपको ताजे मिक्स फ्रूट (जैसे आम, केला, सेब, अंगूर), रंग-बिरंगी चेरी, फुल क्रीम दूध, ताजी मलाई और थोड़ी सी शक्कर की जरूरत होगी. आप चाहें तो इसमें काजू-बादाम जैसे ड्राई फ्रूट्स भी ऐड कर सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाएगा. अब इसे बनाने के लिए सबसे पहले दूध को अच्छे से उबाल लें और उसे थोड़ा गाढ़ा होने तक पकाएं, इसके बाद उसमें से मलाई निकालकर अलग रख लें. अब इस मलाई को अच्छे से फेंट लें ताकि यह क्रीमी टेक्सचर में आ जाए, दूसरी तरफ सभी फलों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक बड़े बाउल में फेंटी हुई मलाई, उबला हुआ दूध और शक्कर डालकर अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद इसमें कटे हुए फल और चेरी डाल दें, इस पूरे मिश्रण को अच्छे से मिलाकर एयरटाइट कंटेनर में भर लें और फ्रीजर में 6-8 घंटे के लिए रख दें.
घर की आइसक्रीम क्यों है बेहतर
घर पर बनी यह मिक्स फ्रूट आइसक्रीम पूरी तरह नेचुरल होती है और इसमें कोई आर्टिफिशियल फ्लेवर या कलर नहीं होता. यही वजह है कि यह बच्चों के लिए ज्यादा सुरक्षित और पौष्टिक विकल्प बन जाती है. साथ ही, आप अपनी पसंद के अनुसार इसमें बदलाव भी कर सकते हैं. अगर इस गर्मी में बच्चों को कुछ ठंडा और हेल्दी खिलाना है, तो यह अमृतसरी स्टाइल मिक्स फ्रूट आइसक्रीम जरूर ट्राई करें. स्वाद भी मिलेगा और सेहत भी बनी रहेगी.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें