Rumali Roti Recipe: घर में रोटी तो लगभग हर दिन बनती है, लेकिन कभी-कभी खाने में कुछ ऐसा चाहिए होता है जो रोज की रोटी से थोड़ा अलग लगे, अगर आपको भी होटल और ढाबे में मिलने वाली बेहद पतली, मुलायम और हल्की रूमाली रोटी पसंद है, तो अब इसके लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं है. सही तरीके से आटा तैयार किया जाए और रोटी को तेज आंच पर कम समय में सेंका जाए, तो घर के तवे पर भी काफी अच्छी रूमाली रोटी बनाई जा सकती है. रूमाली रोटी का नाम सुनते ही अक्सर लोगों को लगता है कि इसे बनाने के लिए बड़े होटल जैसा तंदूर या खास बर्तन चाहिए होगा. यही वजह है कि कई लोग इसे घर पर बनाने की कोशिश ही नहीं करते, लेकिन इसकी तैयारी उतनी मुश्किल नहीं है.
आटे को पर्याप्त समय देना और उसे बहुत पतला बेलना इस रेसिपी का सबसे अहम हिस्सा है. खास बात यह है कि इसे दाल, पनीर, कड़ाही सब्जी, चिकन करी या किसी भी गाढ़ी ग्रेवी के साथ परोसा जा सकता है. आइए जानते हैं घर पर तवे की मदद से सॉफ्ट रूमाली रोटी बनाने का आसान तरीका.
रूमाली रोटी बनाने के लिए सामग्री
घर पर रूमाली रोटी तैयार करने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती. इसके लिए 3 कप गेहूं का आटा, 1 कप मैदा, करीब 2 कप पानी और बेलने के लिए थोड़ा सा सूखा आटा चाहिए. पानी की मात्रा आटे की जरूरत के हिसाब से थोड़ी कम या ज्यादा हो सकती है.
आटा गूंथते समय रखें ध्यान
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा और मैदा डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथें. रूमाली रोटी के लिए आटा सामान्य रोटी के आटे से थोड़ा ज्यादा मुलायम रखना बेहतर रहता है. आटा तैयार होने के बाद इसे ढककर कम से कम 2 घंटे के लिए रख दें, अगर समय मिले तो इसे थोड़ा ज्यादा आराम देना भी फायदेमंद रहता है. इससे आटा ढीला और लचीला हो जाता है, जिससे रोटी को पतला बेलना आसान होता है.
(इमेज AI)
तवे पर कैसे बनाएं रूमाली रोटी?
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई लें और उस पर थोड़ा सूखा आटा लगाकर बेलना शुरू करें. रूमाली रोटी की खासियत ही इसकी पतली परत है, इसलिए इसे सामान्य रोटी की तुलना में काफी पतला बेलें. रोटी इतनी पतली होनी चाहिए कि उसके पार हल्की रोशनी दिखाई दे सके. इसके बाद गैस पर लोहे का तवा उल्टा करके रखें और उसे अच्छी तरह गर्म होने दें. तवा पर्याप्त गर्म होना जरूरी है, क्योंकि रूमाली रोटी को तेज आंच पर जल्दी पकाया जाता है. अब सावधानी से बेली हुई रोटी को उल्टे गर्म तवे पर डालें.
रोटी को ज्यादा देर न पकाएं
रोटी को करीब 10-15 सेकंड तक पकने दें. जब इसकी सतह पर छोटे-छोटे बुलबुले दिखाई देने लगें और नीचे हल्के निशान पड़ने लगें, तब इसे पलट दें. दूसरी तरफ भी कुछ सेकंड ही सेंकें. यहां एक छोटी सी गलती पूरी रोटी का टेक्सचर बदल सकती है, अगर रूमाली रोटी को ज्यादा देर तक तवे पर रखा गया, तो यह नरम रहने के बजाय सूखकर कड़ी हो सकती है. इसलिए दोनों तरफ से हल्का सिकते ही इसे तवे से उतार लें.
(इमेज AI)
आखिर में ऐसे परोसें
रूमाली रोटी तैयार होने के बाद इसे हल्के हाथ से चार हिस्सों में मोड़ लें. इसे तुरंत गरमागरम परोसना सबसे अच्छा रहता है. आप इसके साथ पनीर की ग्रेवी, दाल मखनी, कड़ाही सब्जी या अपनी पसंद की कोई भी गाढ़ी सब्जी रख सकते हैं. घर पर पहली बार रूमाली रोटी बनाते समय अगर वह होटल जितनी पतली न बने तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. दो-तीन बार अभ्यास के बाद हाथ सेट होने लगता है. बस आटा मुलायम रखें, रोटी पतली बेलें और तवे पर कम समय में पकाएं. इन्हीं छोटी बातों से रूमाली रोटी सॉफ्ट और स्वादिष्ट बनती है.