Last Updated:
Hotel Style Garam Masala Recipe: होटल जैसा खाना बनाने के लिए “सीक्रेट मसाला” नहीं, बल्कि सही मसालों का संतुलित मिश्रण जरूरी है. जमशेदपुर के मसाला बाजार संचालक मानस ने खास टिप्स दिया है. उन्होंने बताया कि दालचीनी, इलायची, लौंग जैसे साबुत मसालों को भूनकर पीसने से घर पर भी होटल जैसा स्वाद मिलेगा. इसके लिए उन्होंने मसालों का मिश्रण तैयार करने का तरीका भी बतलयाा है.
जमशेदपुर: अक्सर लोगों को लगता है कि होटल या रेस्टोरेंट का खाना घर के खाने से ज्यादा स्वादिष्ट होता है. कई लोग मजाक में कहते हैं कि होटल वालों के पास कोई “सीक्रेट मसाला” होता है. जिसकी वजह से उनके खाने का स्वाद अलग होता है. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. असल में स्वाद का राज सही मसालों के संतुलित मिश्रण में छिपा होता है. अगर सही मसाले सही मात्रा में मिलाए जाएं तो घर का साधारण खाना भी होटल जैसा स्वादिष्ट बन सकता है. तो आप मसाला बाजार के संचालक से जानिए सही मात्रा और मिश्रण, जिसको अपनाकर आप भी होटल जैसा खाना तैयार कर सकते हैं.
घर पर भी आसानी से होगा तैयार
जमशेदपुर के मसाला बाजार के संचालक मानस बताते हैं कि होटलों में किसी एक जादुई मसाले का इस्तेमाल नहीं होता, बल्कि कई साबुत मसालों को मिलाकर उनका ताजा पाउडर तैयार किया जाता है. यही मसाला सब्जी, दाल, पनीर, चिकन और कई दूसरी डिश का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है.
खास मसाला बनाने के लिए करें इनका इस्तेमाल
इस खास मसाले को बनाने के लिए दालचीनी, छोटी इलायची, बड़ी इलायची, लौंग, काली मिर्च, शाही जीरा, सफेद जीरा, तेजपत्ता, जावित्री, जायफल, सौंफ, धनिया के बीज, सूखी लाल मिर्च और थोड़ी-सी कसूरी मेथी लें. इन सभी मसालों को धीमी आंच पर हल्का-सा भून लें ताकि इनमें मौजूद प्राकृतिक खुशबू अच्छी तरह बाहर आ जाए. इसके बाद इन्हें ठंडा करके मिक्सर में बारीक पीस लें और एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख दें.
अधिकतर होता है ताजा मसालों का इस्तेमाल
मानस बताते हैं कि इस मसाले की सिर्फ आधा या एक चम्मच मात्रा ही किसी भी सब्जी, दाल, पुलाव, फ्राइड राइस, पनीर, छोले, राजमा या नॉनवेज डिश का स्वाद पूरी तरह बदल सकती है. ताजा पिसे हुए मसालों की खुशबू बाजार में मिलने वाले तैयार मसालों की तुलना में ज्यादा अच्छी होती है. इसलिए होटलों में भी अधिकतर जगह ताजा मसालों का इस्तेमाल किया जाता है.
घर पर आजमाएं, साधारण खाने को दें होटल वाला स्वाद
अगर आप भी रोज-रोज एक जैसा खाना खाकर बोर हो गए हैं. घर के खाने में होटल जैसा स्वाद चाहते हैं, तो इस खास मसाले को एक बार जरूर बनाकर देखें. कम खर्च में तैयार होने वाला यह मसाला आपके खाने की खुशबू और स्वाद दोनों को कई गुना बढ़ा देगा. इसके बाद साधारण दाल, आलू की सब्जी या पनीर की डिश भी परिवार और मेहमानों को होटल जैसा स्वाद देगी. सबसे बड़ी बात यह है कि यह मसाला पूरी तरह आपके घर में तैयार होगा, जिससे इसकी शुद्धता और गुणवत्ता पर भी पूरा भरोसा रहेगा.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें