Last Updated:

मूंगदाल चीला हेल्दी, स्वादिष्ट और प्रोटीन से भरपूर नाश्ता है. यह जल्दी बनता है, ऊर्जा देता है और पाचन को भी सुधारता है. इसकी आसान रेसिपी यहां बताई जा रही है, जिससे आप इसे आसानी से और कम समय में ही बना सकते हैं.

Zoom

नाश्ते में बनाइए स्वाद और सेहत से भरपूर मूंगदाल चीला. Image AI

अगर आप नाश्ते में कुछ हेल्दी, स्वादिष्ट और प्रोटीन से भरपूर खाना चाहते हैं, तो मूंगदाल चीला एक आपके लिये एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह न केवल जल्दी बन जाता है बल्कि शरीर को भरपूर ऊर्जा भी देता है.इसकी खास बात यह है कि सही तरीके से बनाया गया मूंगदाल चीला बेहद स्पांजी और मुलायम बनता है, जिससे इसका स्वाद कई गुना ज्यादा बढ़ जाता है. आइए जानें हेल्दी और स्पांजी मूंगदाल चीला बनाने की झटपट और आसान रेसिपी.

आवश्यक सामग्री

धुली मूंग दाल – 1 कप
हरी मिर्च – 2
अदरक – 1 इंच टुकड़ा
दही – 2 बड़े चम्मच
हल्दी – 1/4 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
बेकिंग सोडा – एक चुटकी (वैकल्पिक)
बारीक कटा प्याज – 1
बारीक कटी शिमला मिर्च – 1/2 कप
कद्दूकस की हुई गाजर – 1/2 कप
हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच
तेल या घी – आवश्यकतानुसार

बनाने की विधि

  • सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर 4 से 5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. जब दाल अच्छी तरह फूल जाए तो उसका अतिरिक्त पानी निकाल लें. अब मिक्सर में दाल, हरी मिर्च और अदरक डालकर थोड़ा पानी मिलाते हुए स्मूद पेस्ट तैयार करें.
  • इस पेस्ट को एक बड़े बर्तन में निकालें. इसमें दही, हल्दी और नमक मिलाएं. यदि आप ज्यादा स्पांजी चीला चाहते हैं तो एक चुटकी बेकिंग सोडा भी डाल सकते हैं. बैटर को 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे बैटर हल्का और फूला हुआ हो जाएगा.
  • अब इसमें कटा प्याज, शिमला मिर्च, गाजर और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें. सब्जियां चीले को पौष्टिक बनाने के साथ-साथ उसका स्वाद भी बढ़ाती हैं.
  • मध्यम आंच पर नॉनस्टिक तवा गर्म करें और हल्का सा तेल लगाएं. एक कलछी बैटर तवे पर डालकर हल्के हाथ से गोल आकार में फैलाएं. चीले के किनारों पर थोड़ा तेल डालें और 2 से 3 मिनट तक पकाएं. जब नीचे की तरफ सुनहरा रंग आ जाए तो इसे पलट दें और दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें.
  • जब दोनों तरफ से चीला सुनहरा और कुरकुरा हो जाए तो उसे प्लेट में निकाल लें. इसी तरह बाकी चीले भी तैयार कर लें.

परोसने का तरीका

गरमागरम मूंगदाल चीले को हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही के साथ परोसें. चाहें तो इसमें पनीर की स्टफिंग भरकर रोल की तरह भी सर्व कर सकते हैं.

मूंगदाल चीला खाने के फायदे

मूंगदाल प्रोटीन, फाइबर और कई आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर होती है. यह पाचन को बेहतर बनाने में मदद करती है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराती है. वजन नियंत्रित करने वालों के लिए भी यह एक बेहतरीन नाश्ता है. कम तेल में बनने के कारण यह स्वाद और सेहत का शानदार मेल साबित होता है.



Source link

Write A Comment