Last Updated:
Moong Dal Laddu Recipe: छतरपुर में तीज-त्योहारों में मूंग दाल के लड्डू लगभग हर घर में बनाए जाते हैं. इन्हें बनाना काफी आसान है. 20 साल से मिठाइयां बना रहे बब्बी चौरसिया ने लोकल 18 के साथ इसकी रेसिपी साझा की है.
छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में मूंग दाल का लड्डू खूब पसंद किया जाता है. इसे सभी लड्डुओं में सबसे स्वादिष्ट और सेहतमंद माना जाता है, इसलिए इसकी डिमांड हमेशा बनी रहती है. यह लड्डू शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होता है. इसे घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है. पिछले 20 सालों से मिठाइयां बना रहे बब्बी चौरसिया लोकल 18 को बताते हैं कि मूंग दाल के लड्डू बनाने के लिए मूंग दाल, देसी घी, इलायची पाउडर, ड्राईफ्रूट्स और चीनी की जरूरत होती है. सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह पानी से धो लें और सूती कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लें ताकि नमी निकल जाए. अब धीमी आंच पर कड़ाही में दाल को बिना घी के 5-7 मिनट तक हल्का सुनहरा होने और सोंधी खुशबू आने तक ड्राई रोस्ट करें. इसके बाद भुनी हुई दाल को प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इसे मिक्सी में डालकर हल्का दरदरा (सूजी जैसा) पीस लें. इसके बाद कड़ाही में एक चम्मच देसी घी गरम करें और कटे हुए बादाम-काजू को हल्का फ्राई कर लें.
पिसी हुई मूंग दाल को कड़ाही में बचे हुए घी में डालें. साथ में 2-3 चम्मच घी और डालकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट और भूनें. इसमें इलायची पाउडर, फ्राई किए हुए मेवे और बचा हुआ एक चम्मच घी मिलाएं. मिश्रण जब हल्का गुनगुना हो, तब हाथों से दबाते हुए गोल-गोल सॉफ्ट लड्डू बना लें.
ऐसे रखें अनुपात
उन्होंने आगे कहा कि मूंग दाल लड्डू बनाने के लिए यह भी बहुत जरूरी है कि आप सामग्री किस अनुपात में मिला रहे हैं. लड्डू बनाने के लिए शक्कर का विशेष ख्याल रखना होता है क्योंकि इस लड्डू में शक्कर भी कम होती है. एक किलो मूंग दाल में 200 ग्राम शक्कर ही डालनी होती है. साथ ही घी की मात्रा भी कम रखनी होती है. अगर इस अनुपात से लड्डू तैयार करते हैं, तो निश्चित ही मूंग दाल के मलाई लड्डू बेहद टेस्टी बनेंगे.
त्योहार में घर-घर बनते लड्डू
बब्बी बताते हैं कि छतरपुर जिले में जन्माष्टमी और हरतालिका तीज त्योहार में मूंग दाल लड्डू घर-घर खाए जाते हैं. साथ ही इसे नाश्ते के तौर पर भी सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है. आज भी इस लड्डू को बड़े चाव से खाया जाता है. त्योहार के दौरान घर-घर ये लड्डू बनाए जाते हैं. आप भी अगर मिठाई के तौर पर मलाई लड्डू खाना पसंद करते हैं, तो हमारी बताई विधि से इस स्वीट डिश को आसानी से बना सकते हैं. बाजार में अधिकतर मिठाई की दुकानों पर यह मिल जाता है. इसकी कीमत करीब 400 रुपये किलो होती है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.