Dal Chilla Recipe: घर में दाल बनना जितना आम है, उसका बच जाना भी उतना ही आम है. अक्सर खाना खत्म होने के बाद थोड़ा सा दाल बच जाता है और फिर वही पुराना सवाल सामने आता है-अब इसका क्या करें? कई लोग इसे फ्रिज में रख देते हैं, कुछ लोग दोबारा गर्म करके खा लेते हैं, और कुछ तो सीधे फेंक भी देते हैं, लेकिन अगर आप थोड़ा सा क्रिएटिव सोचें, तो यही बची हुई दाल एक शानदार और हेल्दी नाश्ते में बदल सकती है. आजकल हर कोई जल्दी बनने वाले, हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन की तलाश में रहता है, खासकर सुबह के समय जब काम की जल्दी होती है.
ऐसे में दाल का चीला एक परफेक्ट ऑप्शन बन सकता है. इसमें प्रोटीन भी भरपूर होता है और स्वाद भी जबरदस्त आता है. खास बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और घर के बाकी लोग भी इसे बड़े चाव से खाते हैं, अगर आप भी चाहते हैं कि घर का बचा हुआ खाना बर्बाद न हो और उससे कुछ नया और मजेदार बनाया जाए, तो ये दाल चीला रेसिपी आपके लिए एकदम सही है. एक बार बना लिया तो यकीन मानिए, बार-बार बनाने का मन करेगा.
बची दाल से चीला बनाने का आसान तरीका
1. सबसे पहले एक बाउल में बची हुई दाल लें. इसमें बेसन डालें और अच्छे से मिक्स करें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डाल दें. साथ ही जीरा, लाल मिर्च, अमचूर और थोड़ा गरम मसाला डालकर इसे अच्छी तरह मिला लें.
2. अगर घोल ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी डालकर इसे स्मूद बना लें. ध्यान रखें कि घोल ना ज्यादा पतला हो और ना बहुत ज्यादा गाढ़ा.
3. अब गैस पर एक पैन गरम करें और उस पर हल्का सा तेल लगाएं. तैयार घोल को पैन पर डालकर गोल आकार में फैलाएं. मीडियम आंच पर इसे तब तक पकाएं जब तक यह नीचे से सुनहरा और कुरकुरा न हो जाए. फिर पलटकर दूसरी तरफ से भी अच्छे से सेक लें.
4. कुछ ही मिनटों में आपका टेस्टी और हेल्दी दाल चीला तैयार है. इसे आप हरी चटनी या दही के साथ सर्व कर सकते हैं.
क्यों खास है ये दाल चीला?
-दाल और बेसन का कॉम्बिनेशन इसे एक बेहतरीन हेल्दी ऑप्शन बनाता है. इसमें प्रोटीन और फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, जो शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देता है.
-सुबह के नाश्ते में इसे खाने से पेट भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती. इसके अलावा ये डाइजेशन के लिए भी अच्छा माना जाता है.
-सबसे अच्छी बात ये है कि इससे बची हुई दाल का सही इस्तेमाल हो जाता है और खाने की बर्बादी भी नहीं होती. कम तेल में बनने की वजह से ये फिटनेस का ध्यान रखने वालों के लिए भी एक बढ़िया ऑप्शन है.
कुछ काम के टिप्स जो स्वाद और बढ़ा देंगे
-घोल में थोड़ा सा अदरक डालेंगे तो फ्लेवर और बढ़ जाएगा
-अगर क्रिस्पी चीला चाहिए तो घोल थोड़ा पतला रखें
-ऊपर से थोड़ा चाट मसाला डालकर सर्व करेंगे तो स्वाद और मजेदार हो जाएगा
-बच्चों के लिए इसमें थोड़ा सा चीज भी डाल सकते हैं