Dahi Paneer Sandwich Recipe: सुबह नाश्ते में रोज-रोज पोहा, पराठा या ब्रेड देखकर मन ऊब जाता है. ऐसे में अगर कुछ ऐसा मिल जाए जो जल्दी बने, पेट भी भरे और स्वाद में कैफे वाले सैंडविच को टक्कर दे, तो बात बन जाए. दही पनीर सैंडविच ऐसी ही आसान रेसिपी है. इसमें पनीर और गाढ़े दही की क्रीमी फिलिंग के साथ बारीक कटी सब्जियां डाली जाती हैं. खास बात यह है कि इसके लिए मेयोनिज की जरूरत नहीं पड़ती.

घर में रखी कुछ सामान्य चीजों से तैयार होने वाली यह फिलिंग ब्रेड के साथ काफी स्वादिष्ट लगती है. इसे हल्के मक्खन या घी में सेंकने पर बाहर से अच्छा क्रंच मिलता है, जबकि अंदर की फिलिंग नरम और क्रीमी बनी रहती है.

दही पनीर सैंडविच के लिए क्या चाहिए

इस सैंडविच की सबसे खास चीज इसकी फिलिंग है. इसके लिए पनीर को अच्छी तरह मैश कर लें. चाहें तो पनीर को मोटे साइड से कद्दूकस भी किया जा सकता है. इसमें गाढ़ा दही मिलाएं. दही को पहले कपड़े में बांधकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल लेना बेहतर रहेगा, ताकि सैंडविच सेंकते समय फिलिंग बहुत गीली न हो.

अब इसमें अपनी पसंद की बारीक कटी सब्जियां डालें. गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, हरा धनिया और उबली हुई स्वीट कॉर्न जैसी चीजें इसमें अच्छी लगती हैं. सब्जियों को बहुत बारीक काटने से सैंडविच खाते समय फिलिंग बाहर निकलने की परेशानी कम होती है.

स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा भुना और कुचला हुआ जीरा, चिली फ्लेक्स, काला नमक और सामान्य नमक डालें. बच्चों के लिए बना रहे हैं तो हरी मिर्च और चिली फ्लेक्स छोड़ सकते हैं.

लहसुन का यह छोटा तरीका आएगा काम

इस रेसिपी में लहसुन का इस्तेमाल थोड़ा अलग तरीके से किया गया है. बारीक कटा हुआ थोड़ा सा लहसुन पानी में डालकर चम्मच के पिछले हिस्से से हल्का मैश करें. इससे पानी में लहसुन का स्वाद आ जाता है. अब इस पानी को छानकर फिलिंग में डालें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

इस तरीके से सैंडविच में लहसुन की खुशबू और स्वाद तो आता है लेकिन उसका स्वाद बहुत तेज नहीं लगता. खासकर उन लोगों के लिए यह तरीका अच्छा है जिन्हें खाने में हल्का गार्लिक फ्लेवर पसंद है.

सैंडविच बनाने का सही तरीका

फिलिंग तैयार होने के बाद ब्रेड स्लाइस लें. दोनों स्लाइस की एक तरफ हल्का मक्खन लगाएं. अब मक्खन वाली साइड को नीचे रखते हुए एक स्लाइस पर भरपूर मात्रा में दही पनीर की फिलिंग रखें. इसे बीच में रखने के बाद हल्के हाथ से किनारों की तरफ फैलाएं.

दूसरी ब्रेड स्लाइस की मक्खन लगी साइड ऊपर रखें. सैंडविच को ज्यादा दबाने की जरूरत नहीं है. फिलिंग ज्यादा होने पर दबाने से वह बाहर निकल सकती है.

अब तवा या पैन पहले से गर्म कर लें. सैंडविच को गर्म पैन पर रखें और मध्यम आंच पर सेंकें. इसे तेज आंच पर पकाने से ब्रेड जल्दी जल सकती है जबकि अंदर की फिलिंग उतनी अच्छी तरह गर्म नहीं होगी. मध्यम आंच पर धीरे-धीरे सेंकने से ब्रेड पर सुनहरा और क्रिस्पी क्रस्ट बनता है.

जब नीचे की तरफ अच्छी तरह ब्राउन हो जाए तो सैंडविच को सावधानी से पलटें. दूसरी तरफ भी इसी तरह सेंकें. तैयार सैंडविच बाहर से कुरकुरा दिखाई देगा और अंदर पनीर-दही की फिलिंग नरम और क्रीमी रहेगी.

किस ब्रेड के साथ बनाएं

इस सैंडविच के लिए ब्रेड का चुनाव आपकी पसंद पर निर्भर करता है. मल्टीग्रेन ब्रेड, आटे की ब्रेड या सामान्य ब्रेड किसी का भी इस्तेमाल किया जा सकता है, अगर घर में बच्चों के लिए बना रहे हैं तो उनकी पसंद की सामान्य ब्रेड भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

चूंकि फिलिंग में पनीर, दही और कई सब्जियां हैं, इसलिए साधारण ब्रेड के साथ भी सैंडविच का स्वाद अच्छा आता है. इसे हल्के मक्खन या घी में सेंकने से इसका टेक्सचर और बेहतर हो जाता है.

10 मिनट में तैयार नाश्ता

इस रेसिपी की खासियत इसकी आसान तैयारी है. फिलिंग पहले से तैयार हो तो सैंडविच को सेंकने में ज्यादा समय नहीं लगता. गर्मागर्म दही पनीर सैंडविच को हरी चटनी के साथ परोसा जा सकता है. हालांकि इसकी क्रीमी फिलिंग और मसालों की वजह से इसे ज्यादा चटनी की जरूरत भी महसूस नहीं होती.



Source link

Write A Comment