Secret Gravy Recipe: क्या आपने कभी सोचा है कि होटल या रेस्टोरेंट में मिलने वाली सब्जियों का स्वाद घर से इतना अलग क्यों होता है? चाहे मटर पनीर हो, शाही पनीर या फिर सिंपल दाल फ्राई-हर डिश में एक खास तरह की क्रीमीनेस और रिच फ्लेवर होता है, जो घर पर बनाते समय अक्सर मिस हो जाता है. कई लोग इसे शेफ का जादू मानते हैं, लेकिन सच ये है कि इसके पीछे एक खास ट्रिक छिपी होती है-जिसे कहते हैं सीक्रेट ग्रेवी. यह ग्रेवी ही असल गेम चेंजर है. होटल में ज्यादातर सब्जियों के लिए पहले से एक बेस ग्रेवी तैयार रहती है, जिससे हर डिश का स्वाद एकदम परफेक्ट आता है. यही वजह है कि वहां की हर सब्जी में एक जैसा रिच टेक्सचर और खुशबू मिलती है.
अगर आप भी चाहते हैं कि आपके घर का खाना होटल जैसा लगे और लोग उंगलियां चाटते रह जाएं, तो ये आर्टिकल आपके लिए है. यहां हम आपको बताएंगे कैसे सिर्फ 15 मिनट में एक ऐसी सीक्रेट ग्रेवी तैयार करें, जो आपकी हर सब्जी को सुपर टेस्टी बना दे.
होटल सीक्रेट ग्रेवी के लिए जरूरी चीजें
इस खास ग्रेवी को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा मुश्किल चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर में मौजूद बेसिक चीजों से ही ये बन जाएगी.
-5-6 टमाटर
-4-5 सूखी लाल मिर्च
-1 टुकड़ा दालचीनी
-2 तेज पत्ता
-7-8 काली मिर्च
-7-8 लौंग
-4-5 छोटी इलायची
-2 बड़ी इलायची
-थोड़ा गाजर
-थोड़ी शिमला मिर्च
-1-2 हरी मिर्च
-अदरक का छोटा टुकड़ा
-धनिया के डंठल
-एक मुट्ठी काजू
-नमक, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर
-पानी जरूरत अनुसार
ऐसे बनाएं होटल स्टाइल सीक्रेट ग्रेवी
सबसे पहले कुकर में टमाटर, गाजर, शिमला मिर्च, अदरक, हरी मिर्च और सभी मसाले डाल दें. अब इसमें थोड़ा पानी डालकर अच्छे से मिला लें. कुकर बंद करके 3-4 सीटी आने तक पकाएं ताकि सब कुछ नरम हो जाए. जब कुकर ठंडा हो जाए, तो इसमें से तेज पत्ता और दालचीनी निकाल लें. बाकी मिश्रण को मिक्सर में डालकर एकदम स्मूद पेस्ट बना लें, अगर पेस्ट ज्यादा गर्म हो, तो थोड़ा ठंडा होने दें या थोड़ी बर्फ डाल सकते हैं.
अब एक कड़ाही में लगभग चौथाई कप तेल गर्म करें. इसमें तैयार पेस्ट डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब ऊपर हल्का तेल दिखने लगे, तो समझिए आपकी ग्रेवी तैयार है. यही स्टेप असली होटल वाला स्वाद लाता है.
इस ग्रेवी से क्या-क्या बना सकते हैं?
इस बेस ग्रेवी की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इससे कई तरह की सब्जियां झटपट बन जाती हैं.
-मटर पनीर
-शाही पनीर
-पनीर बटर मसाला
-मिक्स वेज
बस इस ग्रेवी में अपनी पसंद की सब्जी, थोड़ा क्रीम और कसूरी मेथी डालें, और आपकी डिश तैयार है.
क्यों खास होती है ये ग्रेवी?
होटल में टाइम बचाने और हर डिश में एक जैसा स्वाद रखने के लिए पहले से ग्रेवी तैयार की जाती है. इसमें टमाटर, काजू और मसालों का ऐसा बैलेंस होता है जो खाने को रिच बनाता है. घर पर जब हम हर बार नई ग्रेवी बनाते हैं, तो वो कंसिस्टेंसी नहीं आ पाती. लेकिन इस ट्रिक से आप हर बार एक जैसा शानदार स्वाद पा सकते हैं.