Last Updated:
Bhature Recipe: ज्यादातर लोग छोले तो घर पर बाजार जैसा बना लेते हैं, लेकिन जब बात भटूरे की आती है तो अक्सर गड़बड़ी हो जाती है. कभी भटूरे सख्त रह जाते हैं, या फिर फूलते नहीं. यहां आप इसी समस्या का समाधान जान सकते हैं. इस लेख में जानिए घर पर परफेक्ट भटूरे बनाने का आसान तरीका.
भटूरे का नाम सुनते ही छोले के साथ परोसे जाने वाले गर्मागर्म, नरम और फूले हुए भटूरे याद आ जाते हैं. घर पर भटूरे बनाना मुश्किल नहीं है, लेकिन कई बार सही तरीका न अपनाने की वजह से वे ठीक से फूलते नहीं हैं या बहुत सख्त हो जाते हैं. दरअसल, स्वादिष्ट और सॉफ्ट भटूरे बनाने के लिए सबसे जरूरी है उनका आटा सही तरीके से तैयार करना.
भटूरे आटा न तो बहुत कड़ा होना चाहिए और न ही इतना ढीला कि उसे बेलना मुश्किल हो जाए. इसमें दही, थोड़ा तेल और सूजी डालने से आटे की बनावट बेहतर हो सकती है. साथ ही आटे को कुछ घंटों के लिए आराम देना भी जरूरी है. अगर आप घर पर हलवाई जैसे नरम और फूले हुए भटूरे बनाना चाहती हैं, तो आटा तैयार करते समय इन आसान कुकिंग टिप्स को फॉलो कर सकती हैं.
भटूरे का आटा बनाने के लिए सामग्री
मैदा – 2 कप
सूजी – 2 बड़े चम्मच
दही – आधा कप
नमक – स्वादानुसार
चीनी – 1 छोटा चम्मच
बेकिंग पाउडर – आधा छोटा चम्मच
तेल – 1 बड़ा चम्मच
गुनगुना पानी – जरूरत के अनुसार
इस तरह तैयार करें आटा
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन या परात में मैदा और सूजी डालें. इसमें स्वाद के अनुसार नमक, चीनी और बेकिंग पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
- अब इसमें आधा कप दही और एक बड़ा चम्मच तेल डालें. हाथों से इसे मैदा के साथ अच्छी तरह मिलाएं, ताकि दही और तेल सभी जगह अच्छे से मिल जाए.
- इसके बाद गुनगुना पानी थोड़ा-थोड़ा करके डालें और आटा गूंथना शुरू करें. ध्यान रखें कि पानी एक साथ ज्यादा न डालें. धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए नरम और मुलायम आटा तैयार करें.
- जब आटा अच्छी तरह गूंथ जाए तो उसके ऊपर थोड़ा तेल लगाएं. बर्तन को ढककर आटे को गर्म जगह पर करीब 2 से 3 घंटे के लिए रख दें. इससे आटे को अच्छी तरह आराम मिलेगा और इसकी बनावट भटूरे के लिए बेहतर होगी.
- कुछ घंटों बाद आटे को देखें. अब इसे हल्के हाथों से एक बार फिर गूंथ लें. इसके बाद बराबर आकार की छोटी-छोटी लोइयां बना लें.
- हर लोई को हल्के हाथों से बेलकर भटूरे का आकार दें. एक कड़ाही में तेल अच्छी तरह गर्म करें और भटूरे को तेज गर्म तेल में डालकर तलें. इसे हल्के से दबाते हुए तलने पर भटूरा अच्छी तरह फूल सकता है. दोनों तरफ से सुनहरा होने पर इसे निकाल लें.
सॉफ्ट भटूरे के लिए जरूरी टिप
भटूरे के आटे को मुलायम रखना और पर्याप्त समय तक रेस्ट देना सबसे जरूरी है. तेल में तलने से पहले तेल अच्छी तरह गर्म होना चाहिए. बहुत ठंडे तेल में भटूरे डालने से वे ठीक से फूल नहीं पाते और ज्यादा तेल भी सोख सकते हैं.
About the Author
शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें