Last Updated:
Pyaz Pakoda Recipe: बारिश में कुरकुरे प्याज के पकौड़ों का स्वाद शाम को खास बना देता है. कम सामग्री और आसान तरीके से घर पर बाजार जैसे स्वादिष्ट पकौड़े तैयार किए जा सकते हैं. रसोइया प्रियंका सिंह ने बताया कि सही मसालों और बेसन के मिश्रण से पकौड़े ज्यादा क्रिस्पी और लाजवाब बनते हैं.
Monsoon Special Recipe: बारिश का मौसम आते ही चाय और गरमा-गरम पकौड़ों की याद अपने आप आने लगती है. खासकर प्याज का पकौड़ा ऐसा स्नैक्स है, जिसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. मॉनसून की ठंडी शाम में चाय के साथ कुरकुरे प्याज के पकौड़े मिल जाएं, तो शाम और भी खास बन जाती है. यही वजह है कि यह नाश्ता बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी का पसंदीदा माना जाता है.
अगर आप भी बारिश के मौसम में कुछ स्वादिष्ट और झटपट बनने वाला नाश्ता तलाश रहे हैं, तो प्याज का पकौड़ा बेहतरीन विकल्प हो सकता है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी महंगी या खास सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. घर की रसोई में मौजूद सामान्य सामान से ही बाजार जैसे कुरकुरे और स्वादिष्ट पकौड़े आसानी से तैयार किए जा सकते हैं.
घर पर मिलेगा बाजार वाला स्वाद
रसोइया प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को बताया कि इस बारिश के मौसम में प्याज का पकौड़ा परिवार और मेहमानों के लिए सबसे पसंदीदा नाश्ता होता है. इसकी खुशबू और स्वाद हर उम्र के लोगों को पसंद आता है. उनका कहना है कि अगर बेसन और मसालों का सही मिश्रण तैयार किया जाए, तो घर पर भी बाजार जैसा स्वाद पाया जा सकता है.
ऐसे करें बनाने की शुरुआत
प्याज का पकौड़ा बनाने के लिए सबसे पहले ताजा प्याज लें और उसे अच्छी तरह धोकर छिलका हटा दें. इसके बाद प्याज को लंबा और पतला काट लें. पतले कटे प्याज तलने के बाद ज्यादा कुरकुरे बनते हैं. अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, थोड़ा लहसुन, अजवाइन, मंगरैल, हल्दी और स्वादानुसार नमक डालें. इसके बाद बेसन मिलाकर सभी सामग्री को हाथों से अच्छी तरह मिक्स करें.
इसलिए बनेंगे कुरकुरे
प्रियंका के अनुसार, मिश्रण में ज्यादा पानी डालने से बचना चाहिए. प्याज से निकलने वाली नमी ही बेसन को बांधने के लिए काफी होती है. जरूरत पड़ने पर ही थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाएं. इससे पकौड़े ज्यादा क्रिस्पी और स्वादिष्ट बनते हैं. अब कढ़ाई में तेल गर्म करें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए तो प्याज के मिश्रण को छोटे-छोटे हिस्सों में डालें. इन्हें मध्यम आंच पर तब तक तलें, जब तक इनका रंग सुनहरा और बनावट कुरकुरी न हो जाए. तलने के बाद इन्हें प्लेट में निकाल लें.
फिर ऐसे परोसें
गरमागरम प्याज के पकौड़े हरी चटनी, तली मिर्च या चूड़ा के साथ परोसे जा सकते हैं. बारिश की फुहारों के बीच परिवार और दोस्तों के साथ बैठकर इनका स्वाद लेना अलग ही आनंद देता है. यही कारण है कि मॉनसून में प्याज का पकौड़ा शाम के नाश्ते का सबसे पसंदीदा विकल्प बन जाता है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें