Last Updated:
अगर गर्मियों में कुछ ठंडा, टेस्टी और झटपट बनने वाला खाना चाहते हैं, तो 3 चीजों से बनने वाली यह वॉटरमेलन आइस्क्रीम परफेक्ट है. बिना मशीन और बिना ज्यादा मेहनत के तैयार होने वाली यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगी.
3 चीजों से बनने वाली वॉटरमेलन आइस्क्रीम.
गर्मियों का मौसम आते ही हर किसी का मन कुछ ठंडा और मीठा खाने का करता है. ऐसे में आइसक्रीम सबसे पहली पसंद बन जाती है. लेकिन बाजार की आइसक्रीम में कई बार ज्यादा शुगर, प्रिजर्वेटिव्स और कृत्रिम फ्लेवर होते हैं. अगर आप घर पर आसान और फ्रेश आइसक्रीम बनाना चाहते हैं, तो तरबूज से बनी यह 3-इंग्रीडिएंट शानदार विकल्प है. यह स्वाद में क्रीमी, फ्रूटी और बेहद रिफ्रेशिंग लगती है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी महंगी मशीन या मुश्किल स्टेप्स की जरूरत नहीं होती.
इस रेसिपी को बनाने के लिए आपको सिर्फ 3 चीजें चाहिए होंगी. पहला एक बड़ा तरबूज, दूसरा 500 ml कंडेंस्ड मिल्क और तीसरा एक चुटकी नमक. तरबूज गर्मियों का सबसे पसंदीदा फल माना जाता है, क्योंकि इसमें पानी की मात्रा काफी ज्यादा होती है. यह शरीर को ठंडक देने में मदद करता है. वहीं कंडेंस्ड मिल्क आइसक्रीम को क्रीमी टेक्सचर देता है और मिठास भी बढ़ाता है. नमक की हल्की मात्रा स्वाद को बैलेंस करने का काम करती है.
सबसे पहले तरबूज को अच्छी तरह धो लें और काटकर उसका लाल हिस्सा छोटे क्यूब्स में काट लें. ध्यान रखें कि काले बीज पूरी तरह निकाल दें, क्योंकि बीज रहने पर ब्लेंड करते समय स्वाद खराब हो सकता है. अब एक ट्रे या बेकिंग शीट लें और उस पर तरबूज के टुकड़ों को अलग-अलग फैलाकर रखें. टुकड़े आपस में चिपकने नहीं चाहिए. अब इन्हें फ्रीजर में करीब 3 घंटे के लिए रख दें, ताकि ये पूरी तरह सख्त हो जाएं.
जब तरबूज के टुकड़े जम जाएं, तब उन्हें ब्लेंडर जार में डालें. अब इसमें कंडेंस्ड मिल्क और एक चुटकी नमक डालें. मिश्रण को अच्छी तरह ब्लेंड करें. ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा पतला न करें. हल्का टेक्सचर रहने दें, ताकि आइसक्रीम में फ्रूट का स्वाद और फील बना रहे. ब्लेंड होने के बाद यह मिश्रण गाढ़ा और स्मूद दिखेगा.
अब इस तैयार मिश्रण को लोफ टिन या किसी एयरटाइट कंटेनर में डाल दें. ऊपर से स्पैटुला से बराबर कर लें. इसके बाद कंटेनर को फ्रीजर में कम से कम 2 घंटे के लिए रख दें. जब मिश्रण पूरी तरह सेट हो जाए, तब आपकी वॉटरमेलन आइस्क्रीम तैयार है. इसे स्कूप करके सर्व करें. चाहें तो ऊपर से पुदीना पत्ती या छोटे तरबूज के टुकड़ों से सजाकर भी परोस सकते हैं.
About the Author
विविधा सिंह इस समय News18 हिंदी के डिजिटल मीडिया में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह लाइफस्टाइल बीट में हेल्थ, फूड, ट्रैवल, फैशन और टिप्स एंड ट्रिक्स जैसी स्टोरीज कवर करती हैं. कंटेंट लिखने और उसे आसान व …और पढ़ें