Last Updated:

Aam Achar Recipe: पलामू की किचन एक्सपर्ट चंपा देवी ने लोकल 18 को पारंपरिक आम के अचार की रेसिपी बताई. उन्होंने कहा कि सही तरीके से रखने पर अचार 4 साल तक सुरक्षित रह सकता है. आइये जानते हैं इस रेसिपी के बारे में.

ख़बरें फटाफट

पलामू: गर्मी का मौसम आते ही बाजारों में कच्चे और पके आम की भरमार देखने को मिलती है. आम को फलों का राजा कहा जाता है. इस मौसम में इसकी मांग सबसे अधिक रहती है. लोग आम का सेवन अलग-अलग तरीके से करते हैं. कोई इसे सीधे फल के रूप में खाना पसंद करता है तो कोई आम पना, चटनी, मुरब्बा और अचार बनाकर इसका स्वाद लेता है.

खासकर कच्चे आम का अचार भारतीय रसोई की शान माना जाता है. यह न केवल खाने का स्वाद बढ़ाता है. बल्कि लंबे समय तक सुरक्षित भी रहता है. गर्मी के दिनों में यदि घर पर पारंपरिक तरीके से आम का अचार तैयार किया जाए तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है और पूरे साल इसका आनंद लिया जा सकता है.

जानें आम के अचार की रेसिपी

पलामू की किचन एक्सपर्ट चंपा देवी ने लोकल 18 को बताया कि स्वादिष्ट और लंबे समय तक सुरक्षित रहने वाला आम का अचार बनाने के लिए सबसे पहले 5 किलो कच्चे आम लें. आम को अच्छी तरह धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और उसके अंदर मौजूद गुठली का कठोर हिस्सा निकाल दें. इसके बाद कटे हुए आम को दोबारा साफ पानी से धो लें और लगभग 4 घंटे तक धूप में फैलाकर सुखाएं, ताकि उसमें मौजूद अतिरिक्त नमी निकल जाए. इससे अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता है.

उन्होंने बताया कि आम के टुकड़ों को एक बड़े बर्तन या गमले में डालकर उसमें 2 चम्मच हल्दी, 250 ग्राम नमक और लगभग 50 ग्राम सरसों का तेल मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर दें. इसके बाद इसे पूरी रात ढककर रख दें. रातभर में आम से जो पानी निकले. उसे अगले दिन निकालकर फेंक दें. यह प्रक्रिया अचार को अधिक स्वादिष्ट और टिकाऊ बनाने में मदद करती है.

आम के अचार में डालें ये मसाला

वहीं, मसाला तैयार करने के लिए 250 ग्राम सरसों, 100 ग्राम लाल मिर्च, 100 ग्राम मेथी, 100 ग्राम जीरा और 50 ग्राम अजवाइन लें. सबसे पहले मेथी और जीरा को हल्का भून लें. इसके बाद सरसों को हल्का गर्म करें और लाल मिर्च को भी भून लें. अब सभी मसालों को मिलाकर मिक्सी में दरदरा पीस लें. तैयार मसाले में 250 ग्राम नमक और 500 ग्राम सरसों का तेल मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें. इसके बाद इस मसाले को आम के टुकड़ों में डालकर अच्छे से मिला दें. अंत में 4 चम्मच हल्दी डालकर अचार को फिर से अच्छी तरह मिक्स कर लें.

4 साल तक खराब नहीं होगा अचार

उन्होंने कहा कि तैयार अचार को साफ और सूखे बर्तन में भरकर लगभग 10 दिनों तक ढककर रखें. बीच-बीच में इसे चलाते रहें. ताकि मसाले और तेल सभी टुकड़ों में अच्छी तरह समा जाएं. 10 दिन बाद स्वादिष्ट देसी आम का अचार खाने के लिए तैयार हो जाता है. यदि इसे साफ-सफाई और सही तरीके से रखा जाए तो यह अचार चार साल तक सुरक्षित रह सकता है और हर भोजन का स्वाद बढ़ाता रहता है.

About the Author

Brijendra Pratap Singh

बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें



Source link

Write A Comment