Akshay Kumar food habits : आजकल हेल्दी खाने की बात होती है, तो सबसे पहले एवोकाडो, क्विनोआ, चिया सीड्स और ट्रफल पास्ता जैसे विदेशी फूड्स का नाम सामने आता है. सोशल मीडिया पर भी इन्हें फिटनेस का नया मंत्र बताया जाता है. लेकिन अगर आप बॉलीवुड के सबसे फिट सितारों में से एक अक्षय कुमार से पूछें, तो उनका जवाब बिल्कुल अलग होगा. 58 साल की उम्र में भी अपनी जबरदस्त फिटनेस, एनर्जी और अनुशासित लाइफस्टाइल के लिए पहचाने जाने वाले अक्षय का मानना है कि सेहत का असली राज किसी महंगे सुपरफूड में नहीं, बल्कि हमारी अपनी देसी थाली में छिपा है.
हाल ही में ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ शो में डिजिटल क्रिएटर विराज गहलानी के साथ बातचीत के दौरान अक्षय ने खुलकर बताया कि उन्हें गुजराती खाना और खासतौर पर गुजराती थाली बेहद पसंद है.
गुजराती थाली में दाल, सब्जियां, रोटी, चावल, कढ़ी, सलाद और कई पौष्टिक व्यंजन शामिल होते हैं, जो शरीर को संतुलित पोषण देते हैं.(pinterest)
उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उंधियू, तुअर दाल और कढ़ी का स्वाद उन्हें किसी भी विदेशी डिश से ज्यादा पसंद है. उनकी यह बातचीत सिर्फ खाने की पसंद तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने यह भी याद दिलाया कि सादा, संतुलित और पारंपरिक भारतीय भोजन आज भी हेल्दी लाइफस्टाइल का सबसे मजबूत आधार हो सकता है.
गुजराती थाली है पहली पसंद
बातचीत के दौरान विराज गहलानी ने अपने बचपन के खाने का रूटीन बताया. उन्होंने कहा कि उनके घर में सोमवार को तुअर दाल, बुधवार को मूंग दाल, शुक्रवार को कढ़ी और मौसम के अनुसार उंधियू जरूर बनता था. यह सुनते ही अक्षय कुमार ने मुस्कुराते हुए कहा, “यार, मुझे गुजराती खाना बहुत मजा आता है. गुजराती थाली का तो अपना ही स्वाद है.”
विदेशी फूड से ज्यादा पसंद देसी खाना
विराज ने मजाक में बताया कि शादी के बाद उनकी प्लेट में अब एवोकाडो, सॉरडो ब्रेड और ट्रफल मशरूम पास्ता जैसी विदेशी डिश ज्यादा आने लगी हैं. इस पर अक्षय ने तुरंत कहा कि उंधियू, तुअर दाल और हमारी हिंदुस्तानी गुजराती थाली का जो स्वाद है, वह किसी भी विदेशी सुपरफूड में नहीं मिल सकता.
एवोकाडो पर भी दिया दिलचस्प जवाब
बातचीत के दौरान विराज ने मजाक में कहा कि पहले उनके घर में किसी को पता ही नहीं था कि एवोकाडो क्या होता है. इस पर अक्षय ने भी हंसते हुए माना कि उन्हें भी बाद में पता चला कि एवोकाडो एक पौष्टिक फल है. यानी वह विदेशी फूड के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उनका भरोसा आज भी भारतीय खाने पर ज्यादा है.
फिटनेस का राज सिर्फ खाना नहीं, अनुशासन भी
अक्षय कुमार कई बार बता चुके हैं कि उनकी फिटनेस का सबसे बड़ा मंत्र समय पर सोना, सुबह जल्दी उठना, नियमित व्यायाम करना और घर का सादा भोजन खाना है. गुजराती थाली में दाल, सब्जियां, रोटी, चावल, कढ़ी, सलाद और कई पौष्टिक व्यंजन शामिल होते हैं, जो शरीर को संतुलित पोषण देते हैं.
यही है हेल्दी रहने का असली मंत्र
आज जब लोग महंगे सुपरफूड्स के पीछे भाग रहे हैं, तब अक्षय कुमार की यह बात एक जरूरी संदेश देती है कि अच्छी सेहत के लिए एक्सपेंसिव खाना जरूरी नहीं. अगर आपकी थाली में दाल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, दही और मौसमी भोजन शामिल है, तो वही आपके शरीर के लिए सबसे अच्छा सुपरफूड साबित हो सकता है. आखिरकार, फिटनेस की शुरुआत आपकी प्लेट से होती है और भारतीय रसोई में इसका खजाना पहले से मौजूद है.