बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 6 माह की गर्भवती विवाहिता की कथित रूप से हत्या करने के बाद उसके शव को घर के पीछे दरधा नदी के पास ले जाकर जला दिया गया। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर में ताला लगाकर फरार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मसौढ़ी थाना पुलिस ने जलती चिता से विवाहिता के जले हुए 6 अवशेष बरामद किए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

क्या है पूरा मामला?

मृतका की पहचान धनरूआ थाना क्षेत्र के ओरियारा गांव निवासी स्वर्गीय सीताराम रविदास की 22 वर्षीय पुत्री मुंदरी देवी के रूप में हुई है। मृतका के भाई अजय कुमार ने बताया कि मुंदरी देवी की शादी 8 जून 2026 को मसौढ़ी थाना क्षेत्र के दरियापुर निवासी योगेंद्र रविदास के 24 वर्षीय पुत्र सत्येंद्र दास के साथ हुई थी। शादी के बाद से वह अपने ससुराल में रह रही थी। सत्येंद्र दास गुजरात के दामन में मजदूरी करता है।

रक्षाबंधन के बाद गई थी ससुराल

परिजनों के अनुसार, रक्षाबंधन के अवसर पर सत्येंद्र दास गुजरात से अपने घर लौटा था और मुंदरी देवी को भी अपने साथ ससुराल लेकर आया था। अजय कुमार का कहना है कि उस समय ससुराल पक्ष के लोगों ने दोनों का काफी मान-सम्मान किया था। हालांकि, परिवार का आरोप है कि बाद में मुंदरी देवी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा।

भाई का आरोप- दहेज के लिए बहन की हत्या कर जला दिया शव

अजय कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन की तबीयत अचानक काफी खराब हो गई है। सूचना मिलने के बाद वह देर रात अपनी बहन के ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचने पर घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर उन्हें पता चला कि मुंदरी देवी की हत्या करने के बाद उसके शव को घर के पीछे दरधा नदी के समीप ले जाकर जला दिया गया है। जानकारी मिलते ही अजय कुमार और उनके परिवार के लोग नदी के पास पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि मुंदरी देवी के शव की चिता जल रही थी। अजय कुमार ने बताया कि जहां पर मुंदरी देवी का शव जलाया जा रहा था, वहां पर शव जलाने का कोई स्थल नहीं है। इसके बाद भी ससुराल के लोगों ने चोरी छुपे नदी किनारे शव को जलाने का काम किया है।

पुलिस ने जलती चिता को बुझाकर उसके अवशेषों को सुरक्षित किया। पुलिस ने चिता से जले हुए शरीर के करीब छह अवशेष बरामद किए, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

‘ससुराल वाले कर रहे थे 4 लाख रुपये की मांग’

मृतका के भाई और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया है कि मुंदरी देवी 6 महीने की गर्भवती थी और उसकी हत्या ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर की है। परिजनों का आरोप है कि सास, ससुर और देवर समेत अन्य लोगों ने मिलकर पहले उसकी हत्या की और इसके बाद घर के पीछे नदी के किनारे शव को जला दिया, ताकि हत्या से जुड़े साक्ष्य मिटाए जा सकें। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मुंदरी देवी को शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग प्रताड़ित करते थे। उन्होंने आरोप लगाया की पति सहित ससुराल वालों द्वारा चार लाख रुपये की मांग की जा रही थी। पैसा नहीं देने के कारण मुंदरी देवी की निर्मम तरीके से हत्या कर उसके शव को जला दिया गया।

घर बंद कर फरार हो गए ससुराल पक्ष के लोग

वहीं, घटना के बाद से मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर बंद कर फरार बताए जा रहे हैं। मसौढ़ी पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी राघव दयाल ने बताया कि विवाहिता के जले हुए अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि परिवार के लोगों द्वारा दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ-साथ परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।  

(रिपोर्ट- बिट्टू कुमार)

यह भी पढ़ें-

सिर काटकर फ्रिज में रखा, फर्श पर मिला धड़; पत्नी की हत्या कर पति ने किया सरेंडर, कुछ महीने पहले हुई थी शादी

प्यार का खौफनाक अंत, साथ भागने से इनकार पर प्रेमी ने प्रेमिका और उसकी मां को मारी गोली





Source link

Write A Comment