Last Updated:
24 Hours Water Fasting: कुणाल खेमू ने बताया कि उन्होंने एक साल में 80 किलो से 71-72 किलो तक वजन कम करने के लिए डाइट और फिटनेस पर खास ध्यान दिया. उन्होंने सात हफ्तों तक हफ्ते में एक बार 24 घंटे वॉटर फास्टिंग आजमाई और अनाज छोड़ने से एसिड रिफ्लक्स में भी राहत मिलने की बात बताई.
कुणाल खेमू ने 80 से 71 किलो वजन कैसे घटाया?
24 Hours Water Fasting: फिल्मी पर्दे पर किसी किरदार को निभाना सिर्फ डायलॉग्स बोलने और कैमरे के सामने एक्टिंग करने तक सीमित नहीं होता. कई बार कलाकार को उस किरदार के लिए अपना पूरा लुक और शरीर तक बदलना पड़ता है. वजन बढ़ाना हो या फिर कई किलो वजन कम करना, यह सफर बाहर से जितना आसान दिखाई देता है, अंदर से उतना ही चैलेंजिंग होता है.
अभिनेता कुणाल खेमू ने हाल ही में अपनी फिटनेस जर्नी और वजन घटाने के अनुभव के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि कैसे एक समय उनका वजन 80 किलो तक पहुंच गया था और फिर उन्होंने करीब एक साल में इसे घटाकर 71-72 किलो किया. इस दौरान उन्होंने पहली बार 24 घंटे की वॉटर फास्टिंग भी आजमाई.
कुणाल खेमू ने बताया कैसे 80 किलो तक पहुंचा वजन
शान प्रशर के पॉडकास्ट Honestly Saying में बातचीत के दौरान कुणाल खेमू ने अपनी फिटनेस और शारीरिक बदलावों को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं. उन्होंने बताया कि फिल्मों के लिए शरीर को बदलना आसान काम नहीं है. वजन कम करने के साथ मसल्स घटाना या वजन बढ़ाने के लिए लगातार ज्यादा खाना, दोनों ही शरीर और दिमाग पर असर डालते हैं.
कुणाल ने बताया कि फिल्म Go Goa Gone के लिए उन्होंने वजन कम किया था. वहीं, राज और डीके की एक फिल्म के लिए उन्हें अपने किरदार के हिसाब से काफी वजन बढ़ाना पड़ा. इस दौरान उनका वजन पहली बार 80 किलो तक पहुंच गया. किरदार के लिए उन्होंने वेट ट्रेनिंग के साथ ज्यादा कार्बोहाइड्रेट वाली डाइट भी ली.
वजन घटाना बढ़ाने से ज्यादा मुश्किल लगा
कुणाल के मुताबिक, वजन बढ़ाना उनके लिए उतना मुश्किल नहीं था, लेकिन 80 किलो से वापस फिट शेप में आना काफी चैलेंजिंग रहा. उन्होंने माना कि वजन घटाने में डाइट की भूमिका सबसे अहम होती है. उनका कहना था कि यह लगभग 90 फीसदी डाइट का ही खेल है. अपनी आगामी फिल्म Vibe के लिए उन्हें फिट और बेहतर शेप में नजर आना था. इसके लिए उन्होंने धीरे-धीरे वजन कम किया. कुणाल ने बताया कि 80 किलो से 71-72 किलो तक आने में उन्हें करीब एक साल का समय लगा. यानी उन्होंने तेजी से वजन घटाने के बजाय लंबी अवधि में अपनी डाइट और लाइफस्टाइल को बदलने पर ध्यान दिया.
सात हफ्तों तक आजमाई 24 घंटे की वॉटर फास्टिंग
वजन कम करने के दौरान कुणाल ने पहली बार 24 घंटे की वॉटर फास्टिंग का अनुभव लिया. उन्होंने बताया कि वह पहले से ही 16 घंटे का इंटरमिटेंट फास्टिंग रूटीन फॉलो कर रहे थे. वह रात में जल्दी डिनर कर लेते थे और सुबह जिम से लौटने के बाद नाश्ता करते थे. एक दिन उन्हें महसूस हुआ कि वह पहले ही करीब 16 घंटे से कुछ खा नहीं रहे हैं. इसके बाद उन्होंने अगले आठ घंटे भी सिर्फ पानी पीकर निकालने का फैसला किया. भूख लगने पर वह पानी पीते रहे और आखिरकार अपना पहला 24 घंटे का वॉटर फास्ट पूरा किया. कुणाल ने बताया कि शुरुआती 18 घंटे उनके लिए ठीक रहे, लेकिन 18 से 20 घंटे के बीच भूख को नियंत्रित करना मुश्किल लगा. हालांकि, 22 घंटे के बाद उन्हें लगा कि अब सिर्फ दो घंटे और बाकी हैं, इसलिए उन्होंने खुद को संभाल लिया. 24 घंटे पूरे होने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि भूख पहले जैसी नहीं रही. उन्होंने आगे बताया कि इस अनुभव के बाद उन्होंने करीब सात हफ्तों तक हफ्ते में एक बार 24 घंटे का वॉटर फास्ट किया. हालांकि, एक सप्ताह वह इसे नहीं कर पाए और बाद में दोबारा कोशिश करने पर उन्हें पहले जैसा आसान नहीं लगा.
View this post on Instagram