Last Updated:
मोटे अनाज से बनी मिठाइयों की मांग तेजी से बढ़ रही है क्योंकि ये स्वाद के साथ सेहत भी देती हैं. बाजरा, रागी जैसे अनाज से घर पर आसानी से घी और गुड़ के साथ हेल्दी लड्डू बनाए जा सकते हैं, जो फाइबर और पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं तथा वजन और ब्लड शुगर नियंत्रण में मदद करते हैं.
जौनपुर. आज के समय में बदलती खानपान की आदतों के बीच लोग फिर से पारंपरिक और पौष्टिक आहार की ओर लौट रहे हैं. खासतौर पर मोटे अनाज यानी बाजरा, ज्वार, रागी और कोदो जैसे अनाज की मांग तेजी से बढ़ रही है. बाजार में अब इनसे बनी मिठाइयों की डिमांड भी काफी बढ़ गई है, आधुनिक स्वीट्स की दुकानों पर मोटे अनाज की मिठाई लोगों की पहली पसंद बनती जा रही है. दुकानदार वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि पहले जहां लोग सिर्फ मैदा और चीनी से बनी मिठाइयों को पसंद करते थे, वहीं अब सेहत को ध्यान में रखते हुए मोटे अनाज से बनी मिठाइयों की बिक्री तेजी से बढ़ी है. उनका कहना है कि यह मिठाइयां न सिर्फ स्वादिष्ट होती हैं, बल्कि शरीर के लिए भी बेहद फायदेमंद होती हैं. इनमें फाइबर, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाते हैं और शरीर को ऊर्जा देते हैं. अगर आप बाजार की मिठाई नहीं खा पा रहे हैं या शुद्धता को लेकर चिंतित हैं, तो आप घर पर ही मोटे अनाज की मिठाई आसानी से बना सकते हैं. इसे बनाना बेहद सरल है और इसमें ज्यादा समय भी नहीं लगता.
घर पर मोटे अनाज की मिठाई बनाने की विधि
सबसे पहले आप बाजरा या रागी का आटा लें, एक कढ़ाई में थोड़ा घी डालकर उसे गर्म करें. अब उसमें आटा डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें, जब तक कि उसमें से खुशबू न आने लगे और उसका रंग हल्का सुनहरा न हो जाए. इसके बाद इसमें गुड़ का पाउडर या गुड़ का घोल मिलाएं और अच्छे से चलाते रहें. आप इसमें स्वाद बढ़ाने के लिए इलायची पाउडर और सूखे मेवे जैसे बादाम, काजू भी डाल सकते हैं. जब मिश्रण अच्छे से तैयार हो जाए, तो इसे हल्का ठंडा होने दें और फिर छोटे-छोटे लड्डू बना लें. आपकी सेहतमंद और स्वादिष्ट मोटे अनाज की मिठाई तैयार है. मोटे अनाज से बनी मिठाइयों का सेवन करने से वजन नियंत्रण में रहता है, ब्लड शुगर संतुलित रहता है और दिल की सेहत भी बेहतर होती है. यही कारण है कि आजकल लोग इसे अपनी डाइट में शामिल कर रहे हैं. इस तरह आप भी घर पर मोटे अनाज की मिठाई बनाकर न सिर्फ स्वाद का आनंद ले सकते हैं, बल्कि अपनी सेहत का भी खास ख्याल रख सकते हैं.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें