Last Updated:

Homemade Shikanji Recipe: गर्मियों में शरीर को ठंडक और ताजगी देने के लिए घर की बनी शीतल शिकंजी एक बेहतरीन विकल्प है. नींबू, पुदीना और मसालों से तैयार यह पारंपरिक ड्रिंक स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को हाइड्रेट रखने और पाचन बेहतर करने में भी मदद करती है. इसे कुछ ही मिनटों में आसानी से घर पर बनाया जा सकता है.

Zoom

घर पर आसानी से शीतल शिकंजी बनाई जा सकती है.

Cool and Tasty Shikanji Recipe: गर्मियों में लोगों को ठंडी चीजें खाने-पीने का मन करता है. अधिकतर लोग गर्म चीजों के सेवन से बचते हैं. तेज धूप, पसीना और गर्म हवाएं शरीर को जल्दी थका देती हैं. ऐसे में एक गिलास ठंडी शिकंजी न सिर्फ राहत देती है, बल्कि मूड भी फ्रेश कर देती है. नींबू, पुदीना और मसालों से बनी शीतल शिकंजी स्वाद और सेहत दोनों के लिहाज से बेहतरीन मानी जाती है. खास बात यह है कि इसे घर पर बहुत आसानी से तैयार किया जा सकता है और इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी लगभग हर रसोई में मौजूद होती है. सही रेसिपी से बनाई गई शिकंजी का स्वाद आपको दीवाना बना देगा.

हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो घर पर बनाई गई शिकंजी सिर्फ स्वादिष्ट ड्रिंक ही नहीं, बल्कि गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखने का भी अच्छा तरीका है. नींबू में मौजूद विटामिन C इम्यूनिटी को सपोर्ट करता है, जबकि पुदीना शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है. वहीं काला नमक और भुना जीरा पाचन को बेहतर बनाने में सहायक माने जाते हैं. यही वजह है कि गर्मियों में शिकंजी को पारंपरिक और हेल्दी ड्रिंक माना जाता है. अगर इसे कम चीनी के साथ बनाया जाए, तो शुगर के मरीज भी पी सकते हैं.

शिकंजी बनाने की आसान रेसिपी | Simple Recipe To Make Shikanji

घर पर स्वादिष्ट शिकंजी बनाने के लिए आपको चाहिए 2 ताजा नींबू, 3 से 4 गिलास ठंडा पानी, 2 से 3 चम्मच चीनी या शहद, आधा चम्मच काला नमक, आधा चम्मच भुना जीरा पाउडर, कुछ पुदीने की पत्तियां और बर्फ के टुकड़े. चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा चाट मसाला भी डाल सकते हैं.

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में ठंडा पानी लें और उसमें नींबू का रस निकाल लें. अब इसमें चीनी या शहद डालकर अच्छी तरह घोलें, ताकि मिठास पूरी तरह मिल जाए. इसके बाद काला नमक, भुना जीरा और चाट मसाला डालें. अब पुदीने की पत्तियों को हल्का मसलकर इसमें मिला दें, जिससे ड्रिंक में ताजगी भरी खुशबू आ जाए. आखिर में बर्फ के टुकड़े डालकर शिकंजी को ठंडा-ठंडा सर्व करें.

अगर आप इसे और ज्यादा हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो चीनी की जगह शहद या गुड़ का इस्तेमाल कर सकते हैं. कुछ लोग इसमें सोडा मिलाकर भी पीना पसंद करते हैं, जिससे इसका स्वाद और ज्यादा रिफ्रेशिंग हो जाता है. अगर आप गर्मियों में कुछ स्वादिष्ट, ठंडा और हेल्दी पीना चाहते हैं, तो घर की बनी शीतल शिकंजी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है.

गर्मियों में क्यों फायदेमंद है शिकंजी

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार गर्मी के मौसम में शरीर से पसीने के जरिए पानी और मिनरल्स तेजी से निकलते हैं. ऐसे में शिकंजी शरीर को तुरंत ऊर्जा और ताजगी देने में मदद करती है. यह डिहाइड्रेशन से बचाने के साथ-साथ पाचन को भी बेहतर रख सकती है. नींबू और मसालों का मिश्रण शरीर को ठंडक देने के साथ थकान कम करने में भी सहायक माना जाता है. शिकंजी बनाना बेहद आसान है और यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है. कुछ ही मिनटों में तैयार होने वाली यह ड्रिंक गर्मी से राहत देने के साथ आपके दिन को भी फ्रेश बना सकती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Write A Comment