Hing wale chole recipe: मिर्जापुर में हींग वाले छोले और समोसे का स्वाद लोगों को खूब पसंद आ रहा है. तेलियागंज इलाके में श्याम की 45 साल पुरानी दुकान पर हर दिन लोगों की भीड़ लगी रहती है. यहां मिलने वाले छोले में खास तरह के मसालों और हींग का इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी खुशबू दूर से ही लोगों को दुकान तक खींच लाती है. श्याम बताते हैं कि यह उनकी पुश्तैनी दुकान है. पहले उनके पिता दुकान चलाते थे और अब वह इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं. छोले बनाने के लिए घर पर ही खड़े मसाले तैयार किए जाते हैं. इसके बाद उसमें हींग मिलाई जाती है, जिससे स्वाद और भी खास हो जाता है. दुकान दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक खुलती है. यहां दो समोसे और छोले की प्लेट सिर्फ 30 रुपये में मिलती है. आसपास के कई इलाकों से लोग यहां स्वाद लेने पहुंचते हैं. ग्राहक पीयूष अग्रहरि का कहना है कि हींग की खुशबू और मसालों का स्वाद बेहद शानदार होता है. खास बात यह है कि छोले खाने के बाद पेट में भारीपन भी महसूस नहीं होता.