Lucknowi Dal Falaknuma Recipe: दाल का सेवन तो आप हर दिन करते होंगे. मसूर दाल, अरहर दाल, चना दाल आप सिर्फ नमक, हल्दी, टमाटर डाल कर फटाफट बना लेते होंगे. लेकिन, कुछ अलग और टेस्टी दाल खाना चाहते हैं तो एक बार ट्राई करें लखनवी अंदाज में बनी दाल फलकनुमा. इसे आप छुट्टियों के दिन बनाएं, क्योंकि इसे बनाने के लिए कई स्टेप फॉलो करने होते हैं. यह साधारण दाल की रेसिपी की तरह 10 मिनट में नहीं बनती, बल्कि इसमें आपको 40 मिनट का समय लगेगा. प्रोटीन से भरपूर दाल हर किसी को डेली खाना चाहिए. फिर चाहे आप किसी भी तरीके से इसे बनाएं, ये सेहत को फायदा ही पहुंचाएगी. आपको दाल खाना पसंद है तो एक बार शेफ रणवीर बरार की इस लखनवी दाल फलकनुमा को बनाकर टेस्ट करिए. आपको जरूर पसंद आएगी ये दाल. जानिए दाल फलकनुमा (Dal Falaknuma) बनाने की विधि और इसे बनाने के लिए सामग्री के बारे में यहां.
तैयारी का समय: 10 मिनट
पकाने का समय: 30-35 मिनट
सर्विंग-2-4 लोगों के लिए
दाल फलकनुमा बनाने के लिए सामग्री
पकाने के लिए
1-2 बड़े चम्मच घी
3-4 सूखी कश्मीरी लाल मिर्च
1 कप साबुत उड़द दाल (4-5 घंटे भिगोई हुई)
1 कप साबुत मूंग दाल (4-5 घंटे भिगोई हुई)
1 कप चना दाल (1-2 घंटे भिगोई हुई)
1 छोटा चम्मच देगी लाल मिर्च पाउडर
1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1-2 बड़े चम्मच घी
3-4 कप पानी
1/2 छोटा गुच्छा पालक धोया और कटा हुआ
स्वादानुसार नमक
प्याज तलने के लिए
तलने के लिए तेल
2 मध्यम आकार के प्याज (कटे हुए)
दाल फलकनुमा के लिए
बचा हुआ तेल
1 तेज पत्ता
¼ इंच दालचीनी का टुकड़ा
3-4 लौंग
7-8 काली मिर्च के दाने
2 चम्मच जीरा
तले हुए प्याज का ½ भाग, कटा हुआ प्याज
3-4 बड़े टमाटर (प्यूरी)
½ कप दही (फेटा हुआ)
1 बड़ा चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट
नमक स्वादानुसार
2 चम्मच देगी लाल मिर्च पाउडर
½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 चम्मच धनिया पाउडर
थोड़ा सा पानी
पकी हुई दाल
2-3 कप पानी
1 बड़ा चम्मच धनिया पत्ती कटी हुई
1 कप पानी
नमक स्वादानुसार
ताड़का के लिए
1 बड़ा चम्मच गुड़
1-2 बड़े चम्मच घी
1-2 बड़े चम्मच सूखी मेथी की पत्तियां
1 चम्मच देगी लाल मिर्च पाउडर
गार्निश के लिए
तले हुए प्याज़
काली मिर्च का तेल
धनिया पत्ती
दाल फलकनुमा पकाने की स्टेप बाय स्टेप तरीका
प्रेशर कुकर में घी डालें. जब घी गर्म हो जाए तो इसमें सूखी कश्मीरी लाल मिर्च, भीगी हुई उड़द दाल, मूंग दाल, चना दाल, देगी लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर डालकर एक मिनट तक पकाएं. घी, पानी, पालक के पत्ते और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. ढक्कन लगाकर 3-4 सीटी आने तक या दाल के पकने तक पकाएं. दाल पक जाए तो इसे अलग निकाल कर रख दें.
प्याज तलने के लिए
एक पैन या हांडी में तेल डालें. जब तेल गर्म हो जाए तो इसमें कटे हुए प्याज डालें. 10 मिनट तक पकाएं. जब प्याज कुरकुरे और हल्के भूरे रंग के हो जाएं तो इसे ऑयल सोखने वाली शीट पर निकाल दें.
तड़का बनाने के लिए
एक पैन में गुड़ डालें. जब गुड़ पिघल जाए, तो उसमें घी, भीगी हुई सूखी मेथी के पत्ते और देगी लाल मिर्च पाउडर डालकर एक मिनट तक पकाएं. आंच बंद कर दें. इसे बाद में इस्तेमाल के लिए अलग रख दें.
दाल फाल्कनुमा बनाने की विधि
एक हांडी में बचा हुआ अतिरिक्त तेल डालें. जब तेल गर्म हो जाए तो इसमें तेज पत्ता, दालचीनी, लौंग, काली मिर्च और जीरा डालें. अच्छी तरह से भूनें. तले हुए प्याज का आधा भाग, ताजा टोमैटो प्यूरी, दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट और स्वादानुसार नमक डालें. 10-12 मिनट तक पकाएं. जब मसाले से तेल अलग हो जाए तो थोड़ी सी लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और थोड़ा पानी डालें, ताकि और पक सके. अब पकी हुई दाल, पानी और धनिया पत्ती डाल दें. थोड़ी देर तक उबलने दें. पानी और स्वादानुसार नमक डालें, मिक्स करें. अब इसमें तैयार तैयार किया हुआ तड़का डालकर एक उबाल आने तक पकाएं. सर्विंग बाउल में दाल निकालें. इसके ऊपर फ्राई किए हुए प्याज डालें. साथ ही मिर्च का तेल, धनिया पत्ती डालकर सजा दें. इस दाल को आप रोटी, चावल के साथ गरमा गरम खाने का आनंद उठाएं.