Poha Aloo Snack Recipe: सुबह की भागदौड़ में हर दिन एक ही सवाल सामने आता है-आज नाश्ते में क्या नया बनाया जाए? अगर आप भी रोज वही पोहा, पराठा या ब्रेड खाकर बोर हो चुके हैं, तो अब समय है कुछ अलग ट्राई करने का. खास बात यह है कि यह रेसिपी सिर्फ स्वाद में ही नहीं, बल्कि सुविधा के मामले में भी कमाल की है. मशहूर कुकिंग क्रिएटर ‘श्यामली की रसोई’ से प्रेरित यह क्रिस्पी स्नैक पोहा, कच्चे आलू और बेसन के आसान कॉम्बिनेशन से तैयार होता है. इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि आप इसे एक बार बनाकर 3 से 4 दिनों तक फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं. जब भी हल्की भूख लगे, बस इसे फ्राई करें और गर्मागर्म सर्व करें. बच्चों के टिफिन से लेकर शाम की चाय तक, यह नाश्ता हर मौके के लिए एक शानदार ऑप्शन बन सकता है.

पोहा, आलू और बेसन से बनाएं मजेदार स्नैक
अगर आप ऐसे नाश्ते की तलाश में हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सके, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल सही है. इसमें इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर चीजें घर में आसानी से मिल जाती हैं और इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती.

सबसे पहले करें पोहे की तैयारी
इस रेसिपी के लिए एक कप मोटा पोहा लें. पोहे को छन्नी में डालकर दो से तीन बार हल्के हाथों से धो लें. अब इसमें आधा कप पानी डालकर करीब 5 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि पोहा नरम होकर फूल जाए. इसी दौरान एक मीडियम साइज का कच्चा आलू छील लें और उसे बारीक कद्दूकस कर लें. आलू को कद्दूकस करने के बाद हल्के हाथों से उसका एक्स्ट्रा पानी निकाल दें.

पोहा और बेसन का मिश्रण तैयार करें
जब पोहा अच्छी तरह नरम हो जाए, तो उसे हाथों से मसलकर चिकना मिश्रण बना लें. अब इसमें एक चौथाई कप बेसन और एक चौथाई कप पानी डालें. इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर स्मूद बैटर जैसा मिश्रण तैयार कर लें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

तड़का लगाएगा स्वाद में जान
एक कड़ाही में एक से दो चम्मच तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर एक चुटकी हींग और आधा चम्मच जीरा डालें. इसके बाद बारीक कटा या कद्दूकस किया हुआ अदरक और लहसुन डालकर कुछ सेकंड तक भून लें. अब कद्दूकस किए हुए आलू डालें और मीडियम आंच पर करीब एक मिनट तक हल्का सा भूनें.

मसालों से बढ़ाएं स्वाद
आलू के साथ चिली फ्लेक्स, बारीक कटी हरी मिर्च, कढ़ी पत्ता, सफेद तिल, अजवाइन, काली मिर्च पाउडर, कलौंजी, थोड़ा गरम मसाला और स्वाद के मुताबिक नमक डालें. इसके बाद पोहा और बेसन का तैयार मिश्रण कड़ाही में डाल दें. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं और धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें. कुछ मिनट बाद मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगेगा और डो जैसा बन जाएगा. इसी समय गैस बंद कर दें.

सेट करें और मनपसंद आकार दें
एक ट्रे या प्लेट को हल्के तेल से ग्रीस कर लें. तैयार मिश्रण को उसमें निकालकर चम्मच की मदद से बराबर फैला दें. अब इसे करीब 10 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. जब मिश्रण अच्छी तरह सेट हो जाए, तो इसे बाहर निकालकर चौकोर टुकड़ों में काट लें. चाहें तो इन्हें ट्रायंगल शेप भी दे सकते हैं.

ऐसे करें स्टोर
अगर आप इन्हें तुरंत नहीं खाना चाहते, तो कच्ची टिकियों को एयरटाइट कंटेनर या जिप-लॉक बैग में भरकर फ्रिज में रख दें. ये 3 से 4 दिनों तक आसानी से फ्रेश रहती हैं. जब भी खाने का मन हो, इन्हें शैलो फ्राई या डीप फ्राई करके गोल्डन ब्राउन होने तक पकाएं. बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम ये बाइट्स चाय, कॉफी या हरी चटनी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती हैं.

कुछ आसान टिप्स
ज्यादा कुरकुरापन चाहिए तो मिश्रण में एक चम्मच सूजी मिला सकते हैं. बच्चों के लिए कम तीखे मसालों का इस्तेमाल करें. एयर फ्रायर में भी इन्हें आसानी से बनाया जा सकता है. स्टोर करते समय कंटेनर में नमी बिल्कुल न जाने दें.



Source link

Write A Comment