Lauki Ki Sabji Recipe: लौकी एक ऐसी सब्जी है, जिसका नाम सुनते ही अक्सर बच्चे ही नहीं बल्कि बड़े भी मुंह बनाने लगते हैं. लेकिन अगर इसी सादा सी दिखने वाली लौकी को एक खास ट्विस्ट और सीक्रेट मसालों के साथ बनाया जाए, तो यह शाही पनीर और चिकन करी को भी मात दे सकती है. आज हम आपके लिए लेकर आए हैं लौकी की एक ऐसी अनोखी और ढाबा स्टाइल सीक्रेट रेसिपी, जिसे खाने के बाद लौकी न पसंद करने वाले भी अपनी उंगलियां चाटने पर मजबूर हो जाएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
Lauki Ki Sabji Recipe: लौकी की एक ऐसी अनोखी और ढाबा स्टाइल सीक्रेट रेसिपी
आवश्यक सामग्री (Ingredients)
लौकी भूनने के लिए:
500 ग्राम लौकी (छोटे टुकड़ों में कटी हुई)
थोड़ा सा तेल स्वादानुसार
छोटा चम्मच नमक और एक छोटा चम्मच हल्दी पाउडर आधा कप पानी
टमाटर-अदरक का पेस्ट:
2 टमाटर
5-6 लहसुन की कलियां
1 इंच अदरक
2-3 हरी मिर्च थोड़ा सा पानी
कूटा हुआ मसाला:
आधा छोटा चम्मच साबुत धनिया
आधा छोटा चम्मच जीरा
छोटा चम्मच सौंफ
सीक्रेट तड़का और ग्रेवी के लिए:
1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल
1 चुटकी हींग,
आधा छोटा चम्मच मेथी दाना
2 बारीक कटे प्याज
1 बड़ा चम्मच बेसन (ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए)
सूखे मसाले: आधा छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 1 छोटा चम्मच तीखी लाल मिर्च, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, 1 छोटा चम्मच नमक (स्वादानुसार)
फ्लेवर बूस्टर: आधा छोटा चम्मच किचन किंग मसाला, आधा छोटा चम्मच कसूरी मेथी, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला फिनिशिंग के लिए: 1 बड़ा चम्मच ताजी मलाई (या फ्रेश क्रीम), बारीक कटा हुआ हरा धनिया
सब्जी बनाने की आसान विधि (Step-by-Step Recipe)
1: पेस्ट और मसाला तैयार करें
सबसे पहले एक मिक्सर जार में टमाटर, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च और थोड़ा सा पानी डालकर एकदम महीन (Smooth) पेस्ट तैयार कर लें और इसे एक तरफ रख दें. इसके बाद साबुत धनिया, जीरा और सौंफ को दरदरा कूट लें.
2: लौकी को भूनें (सबसे जरूरी स्टेप)
गैस पर एक पैन चढ़ाएं और हाई फ्लेम पर थोड़ा सा तेल गर्म करें. अब इसमें कटी हुई लौकी डालें. ध्यान रहे, शुरू में नमक या हल्दी नहीं डालना है, नहीं तो लौकी पानी छोड़ देगी. 1 मिनट तक तेज आंच पर भूनने के बाद इसमें आधा चम्मच नमक और आधा चम्मच हल्दी डालें. इसे तेज आंच पर ही 3-4 मिनट तक अच्छे से भूनें जब तक कि लौकी पर बढ़िया सुनहरा रंग न आ जाए. इसके बाद आधा कप पानी डालकर ढक दें और मीडियम-लो फ्लेम पर 3-4 मिनट पकाएं ताकि लौकी करीब 60-70% तक गल जाए. फिर गैस बंद कर दें.
3: सीक्रेट ग्रेवी तैयार करें
अब एक दूसरी कड़ाही में सरसों का तेल डालकर धुंआ निकलने तक गर्म करें. तेल गर्म होने पर आंच धीमी करें और इसमें हींग व दरदरा कूटा हुआ मसाला डालें. तुरंत ही बारीक कटे प्याज डाल दें. प्याज को मीडियम आंच पर 6-7 मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक भूनें (ध्यान रहे, इसे ज्यादा ब्राउन नहीं करना है).
4: बेसन और मसालों का तड़का
अब भुने हुए प्याज में 1 बड़ा चम्मच बेसन डालें और इसे धीमी आंच पर अच्छे से भूनें ताकि बेसन का कच्चापन निकल जाए. बेसन भूनने के बाद इसमें हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च, धनिया पाउडर और तीखी लाल मिर्च पाउडर डालें. मसालों को 1 मिनट भूनने के बाद, इन्हें जलने से बचाने के लिए इसमें भीगा हुआ मेथी दाना और उसका पानी डाल दें.
5: टमाटर का पेस्ट और मलाई डालें
अब इस मसाले में तैयार किया हुआ टमाटर का पेस्ट और स्वादानुसार नमक डालें. इसे ढककर मीडियम आंच पर 6-7 मिनट तब तक पकाएं जब तक कि मसाला तेल न छोड़ दे. जब मसाला अच्छे से भून जाए, तो इसमें किचन किंग मसाला, कसूरी मेथी और थोड़ा सा गरम मसाला मिलाएं. अब ग्रेवी के लिए जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और साथ ही 1 बड़ा चम्मच घर के दूध की मलाई या फ्रेश क्रीम डालकर अच्छे से मिलाएं.
6: धीमी आंच पर दम दें
आखिर में, इस तैयार रिच ग्रेवी में पहले से भूनकर रखी हुई लौकी को डाल दें. अगर पानी कम लगे तो थोड़ा पानी और बढ़ा लें. अब कड़ाही पर ढक्कन लगाएं और बिल्कुल धीमी आंच पर 5-6 मिनट के लिए पकने दें ताकि लौकी पूरी तरह गल जाए और सारे मसालों का लाजवाब स्वाद लौकी के अंदर तक समा जाए.
आपकी गरमा-गरम, रेस्टोरेंट स्टाइल मसालेदार लौकी की सब्जी तैयार है! गैस बंद करें और ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर इसे रोटी, पराठे या उबले हुए चावल के साथ सर्व करें. यकीन मानिए, बच्चे भी इसे मांग-मांग कर खाएंगे!