Last Updated:
Besan Arbi Patta Recipe: बारिश के मौसम में मिलने वाले अरबी के ताजे पत्तों से बनने वाली बेसन की सब्जी पारंपरिक स्वाद का बेहतरीन उदाहरण है. यह मौसमी रेसिपी स्वाद के साथ-साथ पौष्टिकता से भी भरपूर होती है. अरबी के पत्तों पर मसालेदार बेसन का मिश्रण लगाकर इन्हें पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद बेहद लाजवाब बन जाता है. ग्रामीण इलाकों में यह रेसिपी मानसून के दौरान खास तौर पर बनाई जाती है. अगर आप बारिश के मौसम में कुछ नया और देसी स्वाद चखना चाहते हैं, तो अरबी के पत्तों और बेसन से बनने वाली यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें.
बारिश का मौसम आते ही बाजारों में कई ऐसी मौसमी चीजें दिखाई देने लगती हैं, जिनका इंतजार लोग पूरे साल करते हैं. इन्हीं में से एक है अरबी का पत्ता. यह पत्ता सालभर नहीं मिलता, बल्कि मानसून के दौरान केवल कुछ महीनों के लिए ही बाजारों में आता है.
करौली के बाजारों में इन दिनों दिल के आकार जैसा दिखने वाला यह हरा-भरा पत्ता लोगों का ध्यान खींच रहा है. खास बात यह है कि महंगी अरबी के मुकाबले इसका पत्ता महज 1 से 2 रुपये में मिल जाता है, लेकिन इससे बनने वाली सब्जी का स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है.
सब्जी व्यापारी बताते हैं कि बारिश शुरू होते ही अरबी के पत्तों की मांग बढ़ जाती है. खासकर महिलाएं इसकी सब्जी बनाने के लिए बड़ी संख्या में इन्हें खरीदती हैं. यह पत्ता करीब दो महीने तक ही बाजार में उपलब्ध रहता है. इसके बाद मौसम बदलने पर इसकी आवक बंद हो जाती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अरबी के पत्ते की सब्जी बनाने की विधि थोड़ी अलग जरूर है, लेकिन स्वाद इतना बेहतरीन होता है कि एक बार खाने वाला बार-बार इसकी फरमाइश करता है. सबसे पहले अरबी के पत्तों को अच्छी तरह धोकर साफ किया जाता है.
इसके बाद बेसन में हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, नमक, अजवाइन और अन्य मसाले मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार किया जाता है. इस मसालेदार बेसन को पत्तों पर अच्छी तरह फैलाकर एक के ऊपर एक पत्ते रखे जाते हैं और उनका रोल बना लिया जाता है.
तैयार रोल को भाप में अच्छी तरह पकाया जाता है. पकने के बाद इसे ठंडा करके छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. फिर कढ़ाई में हल्का तेल गर्म कर इन टुकड़ों को सुनहरा होने तक सेंका जाता है. चाहें तो इन्हें मसालेदार ग्रेवी में डालकर कुछ मिनट पकाया जाता है. इसके बाद तैयार हो जाती है अरबी के पत्ते की स्वादिष्ट और लजीज सब्जी, जिसे रोटी या पराठे के साथ बड़े चाव से खाया जाता है.
आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. उमेश के अनुसार अरबी के पत्तों में विटामिन ए, बी और सी के अलावा कैल्शियम, पोटैशियम तथा एंटीऑक्सीडेंट प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. सही तरीके से पकाकर सेवन करने पर यह पाचन तंत्र के लिए लाभकारी माना जाता है और शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करता है.