Gujarati Khichu Recipe: अगर आप रोज सुबह नाश्ते में पराठे, ब्रेड या पोहा खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बारिश में कुछ नया आज़माएं. गुजरात की पारंपरिक डिश ‘खिचू’ स्वाद, सेहत और सादगी का बेहतरीन मेल है. यह हल्का, आसानी से पचने वाला और बहुत स्वादिष्ट होता है. इसे चावल के आटे और कुछ मसालों का इस्तेमाल करके सिर्फ़ 10 मिनट में बनाया जा सकता है. देसी घी या मूंगफली के तेल का तड़का और हरी मिर्च का स्वाद इसे वाकई मज़ेदार बनाता है. बच्चे हों या बड़े, सभी इसे खाना पसंद करते हैं. आइए जानते हैं गुजरात की पारंपरिक डिश ‘खीचू’ की आसान रेसिपी…
खीचू बनाने के लिए सामग्री
1 कप चावल का आटा, 2 कप पानी, 1 छोटा चम्मच जीरा, 2-3 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), ½ छोटा चम्मच अजवायन, ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक, 1 बड़ा चम्मच देसी घी या मूंगफली का तेल, बारीक कटा हुआ ताज़ा हरा धनिया.
बनाने की आसान विधि
खीचू बनाने के लिए सबसे पहले, एक पैन में पानी के साथ नमक, जीरा, अजवाइन और हरी मिर्च डालकर उबाल लें. अब आंच धीमी कर दें और लगातार चलाते हुए धीरे-धीरे चावल का आटा डालें ताकि गांठें न बनें.
जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तो इसे धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक पकाएं. जब आटा अच्छी तरह पक जाए और नरम हो जाए, तो आंच बंद कर दें. तैयार खिचू को एक प्लेट में निकालें, उस पर थोड़ा देसी घी या मूंगफली का तेल डालें, ऊपर से लाल मिर्च पाउडर और ताज़ा हरा धनिया छिड़कें और गरमा-गरम परोसें.
क्यों है यह एक बढ़िया विकल्प?
खिचू बहुत कम तेल और चावल के आटे से बनाया जाता है, इसलिए यह एक हल्का और आसानी से पचने वाला स्नैक है. अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ ऐसा ढूंढ रहे हैं जो पेट पर भारी न लगे, तो यह एक बेहतरीन विकल्प है. आप अपनी पसंद के अनुसार हल्के मसाले डालकर इसका स्वाद और भी बढ़ा सकते हैं.
अगर आप इस बारिश के सीजन में नाश्ते के लिए कोई नई, स्वादिष्ट और जल्दी बनने वाली डिश ढूंढ रहे हैं, तो आपको गुजराती खिचू ज़रूर आज़माना चाहिए. जल्दी बनने वाली यह डिश पूरे परिवार को पसंद आएगी और आपके रोज़ाना के नाश्ते में एक नया स्वाद जोड़ेगी.
( Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है. ये सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए न्यूज-18 जिम्मेदार नहीं रहेगा