आजकल स्वीट कॉर्न लोगों के पसंदीदा हेल्दी स्नैक्स में से एक बन चुका है. इसका हल्का मीठा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. स्वादिष्ट होने के साथ-साथ स्वीट कॉर्न में फाइबर, विटामिन और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं, जो इसे पोषण से भरपूर बनाते हैं. यही वजह है कि इसे नाश्ते, शाम के स्नैक्स या हल्की भूख मिटाने के लिए एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है.
खास बात ये है कि स्वीट कॉर्न से बनने वाली ज्यादातर रेसिपीज बहुत कम समय में तैयार हो जाती हैं और इसके लिए किसी खास सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती. अगर अचानक मेहमान आ जाएं, बच्चों को कुछ स्वादिष्ट खाने की इच्छा हो या आप खुद कुछ हल्का और टेस्टी खाना चाहते हों, तो स्वीट कॉर्न की रेसिपीज आपके काम आ सकती हैं. आइए जानते हैं ऐसी 5 आसान रेसिपीज के बारे में, जिन्हें आप कुछ ही मिनटों में तैयार कर सकते हैं.
स्वीट कॉर्न चाट
अगर आपको चटपटा और झटपट बनने वाला स्नैक पसंद है, तो स्वीट कॉर्न चाट ट्राई कर सकते हैं. इसके लिए उबले हुए स्वीट कॉर्न में बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, चाट मसाला, काला नमक और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दें. फिर ऊपर से हरा धनिया डालकर तुरंत सर्व करें.
चीजी स्वीट कॉर्न सैंडविच
यह बच्चों की पसंदीदा रेसिपी है. इसे बनाने के लिए ब्रेड पर मक्खन लगाकर उसमें उबला स्वीट कॉर्न और कद्दूकस किया हुआ चीज भरें. फिर ऊपर से काली मिर्च और ऑरेगैनो डालें. अब सैंडविच को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें और सर्व करें.
स्वीट कॉर्न सूप
ठंड के मौसम में ये सूप स्वाद और सेहत दोनों के लिए अच्छा होता है. इसे बनाने के लिए उबले हुए कॉर्न का आधा हिस्सा पीस लें. फिर इसमें लहसुन, अदरक, नमक, काली मिर्च और थोड़ा कॉर्नफ्लोर मिलाकर 8 से 10 मिनट तक पकाएं. इस तरह से गर्मागर्म सूप तैयार है.
स्वीट कॉर्न मसाला
ये रेसिपी सिर्फ 10 मिनट में बन जाती है. पैन में थोड़ा मक्खन गर्म करें और उसमें स्वीट कॉर्न डालकर 2-3 मिनट भूनें. फिर लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च और चाट मसाला मिलाएं. आखिर में नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. इस तरह से तैयार है स्वीट कॉर्न मसाला.
स्वीट कॉर्न टिक्की
शाम की चाय के साथ खाने के लिए ये एक बेहतरीन स्नैक है. उबले स्वीट कॉर्न, उबले आलू, ब्रेडक्रम्ब्स, हरा धनिया, हरी मिर्च और मसालों को मिलाकर टिक्की बना लें. इन्हें तवे पर हल्के तेल के साथ दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें.