होमफोटोलाइफ़फूड

नाश्ते में चाहिए स्वाद और सेहत? देसी घी वाला पनीर पराठा है बेस्ट विकल्प

Last Updated:

अगर सुबह जल्दी में स्वादिष्ट और पौष्टिक नाश्ता बनाना चाहते हैं, तो देसी स्टाइल पनीर पराठा बेहतरीन विकल्प है. ताजा पनीर, संतुलित मसालों और देसी घी से तैयार यह पराठा लंबे समय तक पेट भरा रखता है और ऑफिस, स्कूल टिफिन या यात्रा के लिए भी एक परफेक्ट हेल्दी फूड माना जाता है.

ऑफिस या स्कूल की जल्दी हो और ऐसा नाश्ता चाहिए जो स्वादिष्ट होने के साथ लंबे समय तक पेट भरा रखे, तो देसी स्टाइल का पनीर पराठा सबसे बेहतरीन विकल्प माना जाता है. उत्तर प्रदेश और बिहार के घरों में वर्षों से पसंद किया जाने वाला यह पारंपरिक व्यंजन अब पूरे देश के लोगों की पहली पसंद बन चुका है. स्वाद, पोषण और आसानी से बनने की वजह से पनीर पराठा आज हर उम्र के लोगों के बीच लोकप्रिय है.

मुगलसराय की रहने वाली गुड़िया कुमारी ने लोकल 18 से बताया कि स्वादिष्ट और मुलायम पनीर पराठा बनाने का सबसे बड़ा राज ताजा पनीर होता है. उन्होंने बताया कि ताजा पनीर न केवल पराठे का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है, बल्कि इसमें मौजूद प्रोटीन और कैल्शियम शरीर को भरपूर पोषण भी देते हैं. सुबह के नाश्ते में इसका सेवन करने से शरीर को ऊर्जा मिलती है और लंबे समय तक भूख का एहसास नहीं होता.

आगे उन्होंने बताया कि सबसे पहले एक कटोरी ताजा पनीर लेकर उसे अच्छी तरह हाथों से मसल लें, ताकि उसमें कोई गुठली न रह जाए. इसके बाद इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा गरम मसाला मिलाकर अच्छी तरह तैयार करें. यदि चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा चाट मसाला या अजवाइन भी मिला सकते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

अब गेहूं के आटे की लोई तैयार करें और उसे हल्का सा बेल लें. इसके बीच में पनीर का तैयार मिश्रण रखें और चारों तरफ से बंद कर दें. इसके बाद हल्के हाथों से सावधानीपूर्वक बेलें, ताकि स्टफिंग बाहर न निकले, फिर गर्म तवे पर थोड़ा सा देसी घी या तेल डालकर पराठे को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें.

वहीं, गुड़िया कुमारी ने कहा कि पराठा तैयार होने के बाद यदि उसके ऊपर एक चम्मच ताजा मक्खन डाल दिया जाए, तो उसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. इसे दही, अचार, हरी चटनी या सफेद मक्खन के साथ परोसा जाए, तो खाने का आनंद दोगुना हो जाता है.

पनीर पराठा केवल स्वाद के लिए ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है. पनीर में भरपूर मात्रा में प्रोटीन और कैल्शियम पाया जाता है, जो मांसपेशियों को मजबूत बनाने के साथ-साथ हड्डियों की मजबूती में भी मदद करता है. यही कारण है कि यह नाश्ता बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए उपयुक्त माना जाता है.

खास बात यह है कि पनीर पराठा लंबे समय तक ताजा रहता है. इसलिए इसे टिफिन में पैक करके ऑफिस या स्कूल ले जाना आसान होता है. इतना ही नहीं, यात्रा के दौरान भी यह जल्दी खराब नहीं होता, जिससे यह यात्रियों के लिए भी एक शानदार विकल्प साबित होता है.

आज की व्यस्त जीवनशैली में जहां लोग जल्दी बनने वाले और पौष्टिक भोजन की तलाश में रहते हैं, वहां देसी पनीर पराठा एक बेहतरीन समाधान बनकर सामने आता है. ताजा पनीर, संतुलित मसालों और देसी घी में सिका हुआ यह पराठा स्वाद और सेहत का ऐसा मेल है, जिसे एक बार खाने के बाद हर कोई दोबारा खाने की इच्छा जरूर करता है, ऐसे में अगली बार जब सुबह के नाश्ते को लेकर असमंजस हो, तो देसी स्टाइल का पनीर पराठा जरूर बनाएं और पूरे दिन ऊर्जा से भरपूर रहें.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment