Sabudana Vada Recipe : सावन सोमवार का व्रत(Sawan Somwar Vrat) भगवान शिव की पूजा के साथ-साथ सात्विक और फलाहारी भोजन का भी खास अवसर होता है. अगर आप इस व्रत में ऐसी रेसिपी ढूंढ़ रहे हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ लंबे समय तक पेट भरा रखे, तो साबूदाना वड़ा एक बेहतरीन विकल्प है. दरअसल, व्रत के दौरान ऐसा भोजन सबसे अच्छा माना जाता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ लंबे समय तक पेट भरा रखे. ऐसे में साबूदाना वड़ा एक बेहतरीन विकल्प है.
बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम यह व्रत स्पेशल स्नैक साबूदाना, आलू और मूंगफली जैसी आसान सामग्री से तैयार होता है. इसे बनाना बेहद आसान है और इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. अगर आप सावन, नवरात्रि या किसी भी उपवास के लिए झटपट बनने वाली टेस्टी रेसिपी ढूंढ़ रहे हैं, तो घर पर बना साबूदाना वड़ा जरूर ट्राई करें.
व्रत के लिए ऐस बनाएं साबूदाना वड़ा(How To Make Sabudana Vada)-
साबूदाना वड़ा बनाने के लिए सामग्री-
1 कप साबूदाना
1 कप भुनी हुई मूंगफली
3 उबले आलू
4-5 बारीक कटी हरी मिर्च
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच सेंधा नमक
तलने के लिए तेल या घी
बनाने की आसान विधि-
1.सबसे पहले साबूदाना को अच्छी तरह धोकर लगभग 5 घंटे के लिए भिगो दें. जब साबूदाना फूल जाए, तब मूंगफली को सूखा भूनकर उसका छिलका उतार लें और दरदरा पीस लें.
2.अब एक बड़े बाउल में भीगा हुआ साबूदाना, दरदरी मूंगफली, सेंधा नमक, काली मिर्च, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. इसमें उबले हुए आलू मैश करके मिलाएं और सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स कर लें.
3.अब मिश्रण से छोटे-छोटे गोल वड़े बनाएं. कड़ाही में तेल गर्म करें और मध्यम आंच पर वड़ों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. तैयार साबूदाना वड़ा को हरी धनिया की व्रत वाली चटनी या दही के साथ गरमागरम परोसें.
ध्यान रखें ये बातें-
- साबूदाना को जरूरत से ज्यादा पानी में न भिगोएं, वरना मिश्रण चिपचिपा हो सकता है.
- वड़े तलते समय तेल अच्छी तरह गर्म होना चाहिए, ताकि वे टूटें नहीं.
- मूंगफली को दरदरा ही पीसें, इससे वड़ों में अच्छा स्वाद और कुरकुरापन आता है.
अगर इस सावन सोमवार आप घर में कुछ अलग और स्वादिष्ट फलाहार बनाना चाहते हैं, तो साबूदाना वड़ा एक परफेक्ट रेसिपी है. इसे बनाना आसान है, स्वाद लाजवाब है और पूरा परिवार इसे खुशी-खुशी खाएगा.