Last Updated:
अगर आप रोज़-रोज़ एक जैसी भिंडी की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार भिंडी का गुटका जरूर ट्राई करें. टमाटर, नींबू, हरा धनिया और खास मसालों के साथ तैयार होने वाली यह ड्राई रेसिपी स्वाद में बेहद चटपटी और लाजवाब होती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में पानी का इस्तेमाल नहीं होता और यह महज 10 से 15 मिनट में तैयार हो जाती है. गरमा-गरम पूड़ी या रोटी के साथ परोसी जाने वाली यह रेसिपी घर के सभी लोगों को खूब पसंद आएगी.
आलू के गुटके की रेसिपी तो आपने कई बार ट्राई की होगी, लेकिन क्या कभी भिंडी का गुटका खाया है? इसे बनाना बेहद आसान है और यह खाने में बहुत ही चटपटा और स्वादिष्ट लगता है. इसे टमाटर, नींबू, धनिया पत्ता और खास मसालों के मिश्रण से तैयार किया जाता है.
कुकिंग एक्सपर्ट शालिनी बताती हैं कि अगर आपको कुछ झटपट, चटपटा और मसालेदार खाने का मन हो, तो यह बेस्ट ऑप्शन है. भिंडी बहुत जल्दी पक जाती है, इसलिए यह रेसिपी मिनटों में तैयार हो जाती है.
भिंडी को अच्छे से धोकर थोड़े बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लें और अलग रख दें. अब एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. इसमें जीरा और राई का फौरन (तड़का) लगाएं. फिर तैयार किया हुआ पिसा मसाला डालकर अच्छे से भूनें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
मसाला भूनते समय इसमें सिर्फ एक चम्मच बेसन डाल दें. इससे इसका स्वाद काफी बढ़ जाता है. अगर दही उपलब्ध हो, तो थोड़ा सा बेसन दही में मिलाकर भी डाल सकते हैं. अब कड़ाही में कटी हुई भिंडी डालें और अच्छे से फ्राई करें.
इसके बाद एक टमाटर के 6 से 7 बड़े-बड़े टुकड़े करके कड़ाही में डाल दें. कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर 10 से 15 मिनट के लिए पकने दें. जब सब्जी पूरी तरह पक जाए और आप इसे गैस से नीचे उतारें, तो ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस निचोड़ दें. फिर बारीक कटे हरे धनिया पत्ता से गार्निश करें.
लीजिये, आपका गरमा-गरम चटपटा भिंडी का गुटका बनकर तैयार है! ध्यान रहे, इस पूरी रेसिपी में पानी का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं होता है. यह पूरी तरह सूखी (ड्राई) सब्जी बनती है. लोग इसे खासतौर पर गरमा-गरम पूड़ियों के साथ खाना पसंद करते हैं.