Last Updated:

Kathal Biryani Recipe: मानसून के मौसम में ताजा कटहल से बनी शाही कटहल बिरयानी स्वाद का बेहतरीन अनुभव देती है. खुशबूदार बासमती चावल, मसालों का दमदार फ्लेवर और कटहल का लाजवाब स्वाद मिलकर इसे रेस्टोरेंट जैसी खास डिश बना देते हैं. आसान रेसिपी से तैयार यह बिरयानी परिवार और मेहमानों दोनों को खूब पसंद आएगी.

सीकर. मानसून के मौसम में जब बाजार में ताजा कच्चा कटहल आसानी से मिल जाता है, तब इससे बनने वाली शाही कटहल बिरयानी खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. कटहल को शाकाहारी लोगों का वेज मीट भी कहा जाता है, क्योंकि इसकी बनावट और स्वाद काफी हद तक नॉनवेज जैसा अहसास कराते हैं. अगर आप घर पर कुछ अलग और रेस्टोरेंट जैसा बनाना चाहते हैं तो कटहल बिरयानी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने बताया कि खुशबूदार बासमती चावल, मसालों की महक और कटहल का लाजवाब स्वाद इस रेसिपी को खास बनाता है.

फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने बताया कि कटहल बिरयानी बनाने के लिए करीब 500 ग्राम कच्चा कटहल, दो कप बासमती चावल, दो प्याज, दो टमाटर, आधा कप दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, पुदीना, हरा धनिया, तेल, घी और स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी. वहीं साबुत मसालों में तेजपत्ता, दालचीनी, हरी व बड़ी इलायची, लौंग, जीरा और काली मिर्च का इस्तेमाल किया जाता है. इसके अलावा हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, जीरा पाउडर, गरम मसाला और बिरयानी मसाला इसका स्वाद और भी शानदार बना देते हैं. चाहें तो ऊपर से केसर वाला दूध डालकर इसे और अधिक शाही बनाया जा सकता है.

इस तरह कटहल बिरयानी बनाए 
कटहल बिरयानी बनाने के लिए सबसे पहले कटहल को हल्दी और नमक मिले पानी में 8 से 10 मिनट तक उबाल लें और पानी निकाल दें. इसके बाद तेल में कटहल के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक तल लें. अब उसी पैन में घी डालकर साबुत मसालों का तड़का लगाएं और प्याज को सुनहरा होने तक भूनें. फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च और टमाटर डालकर अच्छी तरह पकाएं. इसके बाद सभी पिसे मसाले, नमक और दही मिलाकर तब तक पकाएं, जब तक मसाले से तेल अलग न होने लगे. आखिर में तले हुए कटहल के टुकड़े डालकर 5 से 7 मिनट तक पकाएं और ऊपर से पुदीना व हरा धनिया मिला दें.

मसाला फैलाएं और उसके ऊपर चावल की परत बिछा दें
दूसरी ओर बासमती चावल को नमक और साबुत मसालों वाले उबलते पानी में 70 से 80 प्रतिशत तक पकाकर छान लें. अब भारी तले वाले बर्तन में सबसे पहले कटहल का मसाला फैलाएं और उसके ऊपर चावल की परत बिछा दें. फिर हरा धनिया, पुदीना, थोड़ा घी और केसर वाला दूध डालकर बर्तन को अच्छी तरह ढक दें. इसे धीमी आंच पर 20 से 25 मिनट तक दम दें. तैयार होने के बाद बिरयानी को हल्के हाथों से मिलाएं और रायता, सलाद या पापड़ के साथ गर्मागर्म परोसें. यह शाही कटहल बिरयानी परिवार और मेहमानों के लिए एक ऐसी स्पेशल डिश है, जिसका स्वाद लंबे समय तक याद रहेगा.

About the Author

Monali Paul

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment