कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में अपराधियों पर कानून का खौफ किस कदर हावी है, इसकी एक बानगी घाटमपुर इलाके में देखने को मिली। यहां की सड़कों पर एक अनोखा नजारा देखने को मिला। दरअसल, सजेती थाना की पुलिस ने एक शातिर अंतरजनपदीय इनामी चोर को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने कस्बे की सड़कों पर आरोपी का जुलूस निकाल दिया। इस दौरान मजेदार बात ये रही कि चोर हाथ जोड़े हुए था और पूरे रास्ते माफी मांगता दिखा। जुलूस के दौरान चोर माफी मांगते हुए कहा रहा था कि ‘चोरी करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’। इसके अलावा वह बार-बार माफी मांगता दिखा।
चोर का निकाला जलूस
दरअसल, यूपी के कानपुर से अनोखा वीडियो सामने आया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है। यहां सजेती थाना की पुलिस ने कस्बे की सड़कों पर एक चोर का जुलूस निकाला। पुलिस की कस्टडी में चल रहे इस चोर ने सरेराह दोनों हाथ जोड़कर कसम खाई और बोला- “साहेब! अब आगे से कभी चोरी नहीं करूंगा!” इस दौरान चोर लगातार ‘चोरी करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’ का नारा भी लगाता रहा।
जानकारी के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी सजेती के बिलगवां गांव का रहने वाला है। इस शातिर अपराधी के खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी के 15 से भी ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह शातिर चोर पहले सूने और बंद पड़े मकानों की रेकी करता था, और फिर मौका मिलते ही ताले तोड़कर नकदी व कीमती जेवरात उड़ा लेता था।
पुलिस ने की सख्त कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर भारी मात्रा में चोरी का माल और जेवरात बरामद कर लिया। अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने और आम जनता में सुरक्षा का अहसास कराने के लिए पुलिस ने आरोपी को पैदल घुमाकर उसकी परेड कराई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। सजेती पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई कई पुरानी चोरियों का भी पर्दाफाश हुआ है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस गैंग के अन्य साथियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। (इनपुट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)
यह भी पढ़ें-
बाढ़ के बीच निकली अनोखी बारात, दुल्हन के घर नाव से पहुंचा दूल्हा; देखें VIDEO