Last Updated:
Navratan Korma Recipe: अगर आप नॉर्मल सब्जी बनाकर ऊब चुके हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं या फिर किसी खास मौके पर कुछ खास बनाना चाहते हैं जो स्वाद के साथ-साथ देखने में भी शाही लगे, तो नवरत्न कोरमा एक बेहतरीन ऑप्शन है. ढेर सारी ताजी सब्जियां, मेवे, मखाना, पनीर और मलाईदार ग्रेवी से तैयार होने वाला यह डिश हर उम्र के लोगों को पसंद आता है. अच्छी बात यह है कि इसे घर पर भी बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा बनाया जा सकता है. इसको बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है. देश के कई प्रतिष्ठित होटलों में काम कर चुकी शेफ स्पर्श नरूला ने घर पर रेस्टोरेंट जैसा रिच और क्रीमी नवरत्न कोरमा बनाने की बेहद आसान रेसिपी साझा की है.
नवरत्न कोरमा का असली स्वाद इसकी मलाईदार ग्रेवी में छिपा होता है. इसके लिए एक गहरे बर्तन में मोटा कटा प्याज, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, काजू, मगज, तेज पत्ता, दालचीनी, बड़ी और छोटी इलायची, एक बड़ा चुटकी नमक और हरा धनिया पत्ता डालें. अब इतना गर्म पानी डालें कि सारा आइटम अच्छी तरह डूब जाए. बर्तन को ढककर मध्यम आंच पर लगभग 15 मिनट तक पकाएं.
जब ग्रेवी पक रही हो, तब गाजर को छीलकर छोटे-छोटे बराबर आकार के टुकड़ों में काट लें. फूलगोभी के छोटे टुकड़े बना लें और फ्रेंच बीन्स को भी समान आकार में काट लें. इसके अलावा स्वीट कॉर्न, हरे मटर, आधे कटे काजू, किशमिश, मखाना, फ्रूट्स और पनीर के क्यूब्स भी पहले से तैयार करके रख लें.
एक बर्तन में पानी उबालें और उसमें गाजर, फूलगोभी, बीन्स, स्वीट कॉर्न और हरे मटर के साथ एक चुटकी नमक डालें. इन्हें लगभग 3 से 4 मिनट तक उबालें. इसके बाद पानी निकालकर सब्जियों को अलग बर्तन में रख दें, ताकि उनका रंग और कुरकुरापन बना रहे. 15 मिनट बाद ग्रेवी को गैस से उतारकर पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद तेज पत्ता, दालचीनी और बड़ी इलायची निकाल दें. बाकी सारी सामग्री को मिक्सर में डालकर बिल्कुल महीन और चिकनी पेस्ट बना लें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. उसमें आधे कटे काजू, किशमिश और मखाना डालकर धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भून लें, फिर इन्हें निकालकर अलग रख दें. उसी कड़ाही में तैयार की गई ग्रेवी को छानकर डालें. जरूरत के अनुसार थोड़ा गर्म पानी मिलाएं और 3 से 4 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. इससे ग्रेवी और भी मुलायम बन जायेगी.
अब इसमें उबली हुई सब्जियां, भुने हुए काजू, किशमिश, मखाना, फ्रूटस और पनीर डालें. इसके बाद फ्रेश क्रीम, मक्खन, सफेद मिर्च पाउडर, भुनी हुई कसूरी मेथी और गरम मसाला डालकर सभी चीजों को धीरे-धीरे मिलाएं. नमक चखकर आवश्यकता अनुसार ठीक कर सकते हैं. चाहें तो स्वाद बैलेंस करने के लिए थोड़ा सा चीनी भी मिला सकते हैं. इसके बाद 3 से 4 मिनट तक और पकाएं, ताकि सभी स्वाद अच्छी तरह एक-दूसरे में घुल जाएं.
धशेफ स्पर्श नरूला बताती हैं कि गैस बंद करते समय ग्रेवी थोड़ी पतली दिखाई दे सकती है, लेकिन काजू की वजह से कुछ देर बाद यह अपने आप गाढ़ी होकर बिल्कुल सही कंसिस्टेंसी में आ जाती है. आपका शाही और रिच नवरत्न कोरमा तैयार है. इसे गरमा-गरम बटर नान, तंदूरी रोटी, लच्छा पराठा या जीरा राइस के साथ परोसें. त्योहार, पार्टी या परिवार के किसी खास खाने के लिए यह रेसिपी आपकी मेज की शान बढ़ा सकती है.