पटना. जलेबी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन अगर नॉर्मल जलेबी से कुछ अलग और मजेदार बनाना चाहते हैं, तो घर पर ‘कुचु पुचु जलेबी’ जरूर ट्राई करें. इसका स्वाद तो जलेबी जैसा ही है, लेकिन इसका छोटा और प्यारा आकार इसे जेन जी और जेन अल्फा तक का फेवरेट बना सकता है. अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं है. इसीलिए इसे घर पर बेहद आसानी से बनाया जा सकता है. इसकी आसान रेसिपी बता रही हैं, देश के कई प्रतिष्ठित होटलों में काम कर चुकी शेफ स्पर्श नरूला.
ऐसे तैयार करें जलेबी का घोल
सबसे पहले एक कटोरे में आधा कप मैदा लें. इसमें एक छोटा चम्मच ईनो और एक बड़ा चम्मच घी डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें एक बड़ा चम्मच दही और करीब एक चौथाई कप पानी डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें.
तैयार घोल को एक पाइपिंग बैग में भरें और ऊपर से गांठ बांध दें. यही पाइपिंग बैग जलेबी को उसका खास गोल आकार देने में मदद करेगा. अगर आपके यहां पाइपिंग बैग नहीं है, तो किसी बोतल के ढक्कन में पतला छेद कर उसका उपयोग कर सकते हैं.
ऐसे बनाएं तार चाशनी
अब एक बर्तन में आधा कप चीनी और पौना कप पानी लें. इसमें थोड़ा इलायची पाउडर और केसर डालकर पकाएं. चीनी पूरी तरह घुलने के बाद इसे तब तक पकाएं, जब तक एक तार वाली चाशनी तैयार न हो जाए. आपको बता दें कि एक तार की चाशनी का मतलब है ऐसी चाशनी, जिसमें चीनी और पानी पकने के बाद सही गाढ़ापन आ जाए और उंगलियों के बीच चाशनी को खींचने पर एक पतली सी तार जैसी लकीर बनने लगे. चाशनी तैयार होने के बाद इसे हल्का ठंडा होने दें. अगर चाशनी जरूरत से ज्यादा गाढ़ी हो जाए, तो इसमें थोड़ा पानी डालकर सही गाढ़ापन किया जा सकता है.
अब तैयार करें ‘कुचु पुचु जलेबी’
जलेबी तलने के लिए अप्पे पैन या सामान्य चपटी कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें. यहां तेल का तापमान बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए. ज्यादा गर्म तेल में जलेबी डालने पर वह तुरंत रंग पकड़ सकती है और बाहर से पकने के बावजूद अंदर से कच्ची रह सकती है. कुरकुरी जलेबी पसंद हैं तो पाइपिंग बैग का छेद छोटा करें और पतली जलेबी बनाएं. इनका स्वाद बेहद कुरकुरा होता है.
तेल हल्का गर्म होने पर गैस धीमी कर दें. अब पाइपिंग बैग से घोल को जलेबी के छोटे-छोटे गोल आकार में डालना शुरू करें. आप चाहें तो घी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. जलेबी को धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक तलें. जब जलेबी सुनहरी हो जाए, तो उन्हें तुरंत चाशनी में डाल दें.
शेफ स्पर्श नरूला बताती हैं कि एक बात का खास ध्यान रखना जरूरी है कि चाशनी बहुत गर्म न हो. गरम तली हुई जलेबी को हल्की ठंडी चाशनी में डालने पर वह अच्छी तरह चाशनी सोख लेती है. अगर चाशनी भी बहुत गर्म होगी, तो जलेबी जरूरत से ज्यादा नरम और चिपचिपी हो सकती है.
घर पर तैयार होगी खास जलेबी
इसी तरह पूरे घोल से छोटी-छोटी जलेबियां तैयार कर लें. आखिर में इन्हें प्लेट में सजाएं और ऊपर से कुटा हुआ पिस्ता और थोड़ा केसर डालकर परोसें. इस तरह घर पर आसानी से तैयार हो जाएगी कुचु पुचु जलेबी. इसका छोटा आकार, कुरकुरा स्वाद और मीठी चाशनी इसे बच्चों के साथ-साथ युवाओं के लिए भी एक मजेदार मिठाई बना सकती है. आज स्वतंत्रता दिवस भी है. इस दिन बनाने के लिए यह परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है.