होमफोटोलाइफ़फूड

घर पर बनाएं बाजार जैसे क्रिस्पी समोसे,जानें आटा गूंथने से तलने तक की सही ट्रिक

Last Updated:

How to make crispy samosa: रिमझिम बारिश की फुहारें हों और हाथ में चाय की गरम प्याली, ऐसे में अगर साथ में खस्ता और गरमागरम समोसा मिल जाए तो मौसम का मज़ा कई गुना बढ़ जाता है. अकसर लोग सोचते हैं कि बाजार जैसे कुरकुरे और हलवाई स्टाइल समोसे घर पर नहीं बन सकते, लेकिन सही सामग्री, परफेक्ट मोयन और कुछ छोटी-छोटी सावधानियों के साथ आप घर की रसोई में ही लाजवाब समोसे तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं आटा लगाने से लेकर परफेक्ट तलने तक का आसान तरीका…

बरसात में अगर चाय के साथ गरमागरम समोसे मिल जाएं, तो क्या ही पूछना है. बाजार के समोसे स्वादिष्ट जरूर होते हैं, लेकिन घर पर बने समोसे की बात ही अलग होती है. सही सामग्री और थोड़ी सावधानी से आप बेहद कुरकुरी बाहरी परत और मसालेदार भरावन तैयार कर सकते हैं. इसकी तैयारी भी आसान होती है, जो सबको पसंद आएगी.

समोसे की असली पहचान उसकी कुरकुरी बाहरी परत से की जाती है. इसके लिए मैदा, नमक और अजवाइन को एक बर्तन में अच्छी तरह मिलाना जरूरी होता है. इसके बाद घी या तेल डालकर हथेलियों से मसलना चाहिए. मिश्रण को दबाने पर अगर वह हल्का बंधने लगे, तो समझिए सही है. अब पानी धीरे-धीरे डालें और सख्त आटा गूंथें. नरम आटा न रखें, वरना तलते समय समोसे की परत मनचाही कुरकुरी नहीं हो पाती है.

दुकानदार मनीष कुमार के अनुसार, आटा गूंथने के बाद तुरंत समोसे बनाने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए. इसे ढककर लगभग 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें. ऐसा करने से मैदा अच्छी तरह सेट हो जाएगा और लोइयां बेलना आसान होगा. आटे को ढककर रखना भी जरूरी है, क्योंकि खुला आटा जल्दी सूख सकता है. इससे बनी परत बेलते समय फटेगी नहीं और तलने के बाद समोसे को सुंदर सुनहरा रंग तथा शानदार कुरकुरापन के साथ लाजवाब स्वाद भी मिलेगा.

Add News18 as
Preferred Source on Google

अब सबसे पहले उबले आलू और हरी मटर या मूंगफली तैयार रखें. कढ़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके उसमें जीरा डालें. चटकने पर बारीक कटा अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें. अब आलू और मटर या मूंगफली डालकर मिला दें. इसमें धनिया पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला, अमचूर और नमक डालना चाहिए. मसालों को अच्छी तरह मिलाते हुए कुछ मिनट पका देना चाहिए. आखिर में हरा धनिया डालें और मिश्रण को ठंडा होने दें, इससे समोसे को भरना आसान हो जाता है.

इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें पतला बेलें. हर पूरी को बीच से आधा काट लें. एक आधे हिस्से को मोड़कर कोन जैसा आकार देकर चोखा भरें और किनारे पर थोड़ा पानी लगाकर चिपका दें. लेकिन चोखा इतना भी न भरें कि किनारा बंद करना मुश्किल हो जाए. ऊपर से किनारों को दबाकर अच्छी तरह सील करना चाहिए. सही आकार का समोसा तलने पर खूबसूरत और आकर्षक दिखाई देता है.

समोसे को कुरकुरा बनाने में तेल का तापमान सबसे अहम योगदान देता है. कढ़ाही में पर्याप्त तेल डालकर उसे धीमी से मध्यम आंच पर गर्म करें. तेल बहुत तेज गर्म होगा, तो समोसा बाहर से जल्दी रंग पकड़ लेगा, लेकिन अंदर की परत ठीक से नहीं पक पाती है और कच्चा रह जाता है. इसलिए समोसे धीरे से तेल में डालें. समोसे पलटते हुए सुनहरा होने तक तलें. धीमी आंच पर तलने से परत ज्यादा कुरकुरी और स्वादिष्ट होती है.

जब समोसे सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें कढ़ाही से निकालकर कुछ देर अतिरिक्त तेल टपकने दें. अब इन्हें गरमागरम परोसा जा सकता है. समोसे के साथ हरी धनिया-पुदीना चटनी स्वाद को ताजगी देती है, जबकि मीठी-खट्टी इमली की चटनी इसका मजा कई गुना बढ़ा देती है. चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला, बारीक सेव और हरा धनिया डालकर इसे चटपटा अंदाज भी दिया जा सकता है. अब आपका स्वादिष्ट नाश्ता तैयार है, जो बरसात के मौसम में दोगुना मजा देता है.

घर पर बनाया गया समोसा न केवल एक बेहतरीन नाश्ता है, बल्कि परिवार के साथ बिताए गए खुशनुमा पलों का बहाना भी है. कुरकुरी परत के अंदर मसालेदार आलू-मटर या मूंगफली की भरावन और साथ में चटनी का संयोजन चाय की महफिल को खास बना देता है. सामग्री साधारण जरूर होती है और तरीका भी मुश्किल नहीं है. बस आटा सही से गूंथें, भरावन और समोसे को धीमी आंच पर तलें. फिर देखिए बाजार का स्वाद भी फीका पड़ जाएगा.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment