Last Updated:
Dal Pakwan Recipe: बरसात के समय अगर आप कुछ कुरकुरा खाना चाहते हैं, तो एक सिंधी व्यंजन आपका बेसब्री से इंतजार कर रहा है. हम बात कर रहे हैं दाल पकवान की, जिसे खाते ही आपका मूड बन जाएगा. आइए जानते हैं कि घर पर टेस्टी दाल पकवान कैसे बना सकते हैं.
अगर आप रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाकर परेशान हो गए हैं और कुछ अलग और स्वादिष्ट रेसिपी के बारे में सोच रहे हैं, तो आज हम आपको एक ऐसी सिंधी व्यंजन डिश के बारे में बताने वाले हैं, जिसका स्वाद काफी लाजवाब होता है. सिंधी समुदायों में फेमस दाल पकवान नाश्ते के लिए एक बेस्ट ऑप्शन हो सकता है. कुरकुरे पकवान के साथ मसालेदार चना दाल का स्वाद इस डिश को खास बनाता है. इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.
दाल पकवान बनाने के लिए सामग्री की बात करें, तो दाल के लिए 1 कप चना दाल, प्याज बारीक कटा हुआ, टमाटर बारीक कटा हुआ, हरी मिर्च, अदरक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, जीरा, धनिया पाउडर, हींग, नमक स्वादानुसार, हरा धनिया और रिफाइन या सरसों तेल की जरूरत पड़ती है. वहीं पकवान बनाने के लिए मैदा, सूजी, तेल या घी की जरूरत पड़ती है.
सबसे पहले चना दाल को अच्छी तरह धोकर करीब 1 से 2 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद दाल को कुकर में डालें और जरूरत के अनुसार पानी, हल्दी और थोड़ा नमक डालकर पकाएं. दाल इतनी गले कि वह नरम हो जाए, लेकिन पूरी तरह पेस्ट जैसी न बने.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके बाद अब एक पैन में तेल गर्म करें. इसमें जीरा और हींग डालें. इसके बाद बारीक कटा प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. फिर अदरक, हरी मिर्च और टमाटर डालकर पकाएं. मसाले में हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें. याद रहे कि सभी को अच्छे से मिला लेना है और इस पेस्ट को ज्यादा भुनना नहीं है, वरना स्वाद जला-जला लगेगा.
मसाला अच्छी तरह भुन जाने के बाद इसमें पकी हुई दाल डालें और कुछ मिनट तक पकाएं. दाल बहुत गाढ़ी लगे तो थोड़ा पानी डाल सकते हैं. आखिर में हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें. बस आपकी दाल पूरी तरह तैयार है. कुकर की सीटी लगाकर इसे कुछ देर तक छोड़ दें.
अब बारी आती है कुरकुरा पकवान की. इसके लिए एक बड़े बर्तन में मैदा, सूजी, नमक और तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे को करीब 15 मिनट के लिए ढककर रख दें. इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पतली पूरी की तरह बेल लें.
अब कांटे की मदद से पूरी पर छोटे-छोटे छेद कर दें. इससे पकवान तलते समय ज्यादा फूलेंगे नहीं और अच्छी तरह कुरकुरे बनेंगे. कड़ाही में तेल गर्म करें और पकवानों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तैयार पकवान को प्लेट में निकालकर अतिरिक्त तेल निकलने दें. बस आपका गरमा-गरम पकवान बनकर तैयार है.
पकवान को कुरकुरा बनाए रखने के लिए आटा गूंथते समय मोयन यानी तेल या घी की मात्रा सही रखें और पकवान को मध्यम आंच पर तलें. इससे बाहर से पकवान कुरकुरा और अंदर से स्वादिष्ट बनेगा और खाने में भी एकदम क्रिस्पी लगेगा.
गरमा-गरम पकवान को एक प्लेट में रखें और ऊपर से तैयार चना दाल डालें. स्वाद बढ़ाने के लिए इसके ऊपर बारीक कटा प्याज, हरा धनिया, इमली की चटनी और हरी चटनी डाल सकते हैं. चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला भी छिड़क सकते हैं.