Last Updated:
कनॉट प्लेस के पास स्वाद का एक खास ठिकाना छिपा है. यहां महज 110 रुपये में भरपेट देसी खाना मिलता है. राजमा-चावल से लेकर छोले-भटूरे का जायका लोगों को खींच लाता है. कम बजट में भरपेट और स्वाद से भरपूर खाना आपको चौंका देगा. आखिर कौन-सी है यह जगह, जानिए पूरा सच.
दिल्ली में खाना सिर्फ महंगे रेस्टोरेंट और बड़े कैफे का नाम नहीं है. राजधानी की असली पहचान आज भी उन छोटी-छोटी दुकानों में मिलती है, जहां स्वाद घर जैसा होता है और जेब पर ज्यादा बोझ भी नहीं पड़ता. अगर आप कनॉट प्लेस घूमने गए हैं और कम बजट में भरपेट देसी खाना चाहते हैं, तो शंकर मार्केट के पास मौजूद ढाबा फूड आपके लिए अच्छा ठिकाना हो सकता है.
यह छोटी सी दुकान अपने राजमा चावल के लिए काफी जानी जाती है. यहां गर्मागर्म चावल के साथ मसालेदार राजमा परोसा जाता है. इसके अलावा कढ़ी चावल, छोले चावल, शाही पनीर चावल और सोया चाप चावल जैसे कई देसी स्वाद भी मिलते हैं. ऑनलाइन मेन्यू में भी राजमा चावल, कढ़ी चावल, छोले चावल और शाही पनीर चावल को टॉप व्यंजनों में रखा गया है.
दुकान के बाहर लगी मेन्यू बोर्ड को देखकर ही अंदाजा हो जाता है कि यहां खाने के लिए लोगों की पसंद कितनी देसी है. यहां राजमा चावल और कढ़ी चावल की प्लेट करीब 110 रुपये, शाही पनीर चावल 110 रुपये और सोया चाप चावल करीब 130 रुपये में दिखाई दे रहे हैं. कीमतें समय के साथ बदल सकती हैं, इसलिए जाने से पहले एक बार पूछ लेना बेहतर रहेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
यहां सिर्फ राजमा चावल वाली प्लेट ही नहीं, बल्कि पनीर वाले छोले भटूरे भी लोगों को पसंद आते हैं. साथ में लस्सी, मसाला छाछ और नींबू सोडा जैसे ड्रिंक्स भी मिलते हैं. दुकान पर बैठने की जगह सीमित है, इसलिए लोग यहां अक्सर जल्दी खाना खाकर या पैक कराकर निकलते हैं.
ढाबा फूड कनॉट प्लेस के म्यूनिसिपल मार्केट, सुपर बाजार कॉम्प्लेक्स, शंकर मार्केट के पास स्थित है. दुकान आमतौर पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुलती है.
अगर आपको कनॉट प्लेस की चमक-दमक से अलग सादा, देसी और बजट वाला खाना पसंद है, तो यह छोटी सी दुकान आपकी फूड लिस्ट में शामिल हो सकती है. यहां का माहौल भले ही किसी बड़े रेस्टोरेंट जैसा न हो, लेकिन गर्मागर्म राजमा-चावल की प्लेट आपको दिल्ली के पुराने और सादे खाने का स्वाद जरूर याद दिला सकती है.