Last Updated:
आगरा: ताजमहल की खूबसूरती देखने दुनिया के कोने-कोने से पर्यटक आगरा पहुंचते हैं. लेकिन यहां की यात्रा सिर्फ ताजमहल तक सीमित नहीं रहती, बल्कि पर्यटक शहर की मशहूर मिठाई पेठा भी अपने साथ लेकर जाते हैं. खासतौर पर ड्राई केसर पेठा विदेशी पर्यटकों को खूब पसंद आ रहा है, जिसकी कम मिठास और आसान पैकिंग इसे सफर के लिए खास बनाती है.
आगरा: ताजमहल के लिए दुनियाभर में मशहूर आगरा अपनी खास मिठाई पेठे के लिए भी अलग पहचान रखता है. यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटक ताजमहल की खूबसूरती निहारने के साथ आगरा का पेठा खरीदना भी पसंद करते हैं. खासकर ड्राई केसर पेठा विदेशी पर्यटकों को काफी पसंद आ रहा है. इसकी खासियत है कि यह सामान्य पेठे की तुलना में कम मीठा होता है, जो विदेशी पर्यटकों के स्वाद के अनुरूप माना जाता है.
आगरा के नूरी दरवाजा स्थित प्राचीन राजीव पेठा दुकान की संचालक अन्नन्या अग्रवाल ने बताया कि विदेशी पर्यटकों की पसंद में ड्राई और छोटे आकार का पेठा खास तौर पर शामिल है. ड्राई पेठे में अतिरिक्त चाशनी नहीं होती, इसलिए इसे पैक करके दूर तक ले जाना आसान रहता है.
सफर के दौरान इसके लीक होने की संभावना भी कम रहती है. यही वजह है कि कई विदेशी पर्यटक इसे अच्छी तरह पैक कराकर अपने साथ अपने देश तक ले जाते हैं. कुछ लोग इसे परिवार और दोस्तों के लिए भी खरीदकर ले जाते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अन्नन्या अग्रवाल के मुताबिक, विदेशी पर्यटकों को छोटा ड्राई पेठा खास तौर पर पसंद आता है. इसे अलग-अलग फ्लेवर में तैयार किया जाता है, जिसकी वजह से पर्यटकों के पास स्वाद के कई विकल्प मौजूद रहते हैं. इनमें चेरी फ्लेवर भी विदेशी पर्यटकों के बीच पसंद किया जाता है. कम मिठास, अलग-अलग फ्लेवर और आसानी से पैक होने की वजह से ड्राई पेठा विदेशी पर्यटकों के लिए पसंदीदा विकल्प बन रहा है.
आगरा घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए यहां का पेठा सिर्फ मिठाई नहीं, बल्कि शहर की पहचान से जुड़ी एक खास याद भी बन गया है. विदेशी पर्यटक ताजमहल देखने के बाद ड्राई पेठा खरीदकर अपने साथ ले जाते हैं. लंबे सफर में इसे संभालकर रखना आसान होने के कारण यह उनके लिए एक अच्छा स्थानीय तोहफा भी बन जाता है.
इस तरह आगरा का पेठा ताजमहल की खूबसूरती के साथ विदेशी पर्यटकों की यात्रा की यादों में भी अपनी मिठास जोड़ रहा है.