Jeera Biscuit Recipe: शाम की चाय तैयार हो और साथ में कुरकुरे बिस्किट न हों, तो कई लोगों को चाय कुछ अधूरी-सी लगती है. खासकर घर में बने ताजे बिस्किट की खुशबू पूरे माहौल को अलग ही बना देती है. बाजार में जीरा बिस्किट आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन उनमें घर के स्वाद वाली बात अक्सर नहीं होती. अच्छी बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री या किसी खास कुकिंग स्किल की जरूरत नहीं पड़ती. मैदा, मक्खन, चीनी और जीरा जैसी रोजमर्रा की चीजों से आप अपनी रसोई में बेकरी स्टाइल जीरा बिस्किट बना सकते हैं.
ऊपर से हल्का भुना जीरा इनके स्वाद और खुशबू दोनों को बढ़ा देता है. अगर आप भी चाय के साथ कुछ होममेड और क्रिस्पी ट्राई करना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके काम आ सकती है.
जीरा बिस्किट के लिए चाहिए ये सामग्री
जीरा बिस्किट बनाने के लिए सबसे पहले सामग्री सही मात्रा में तैयार कर लें. इसके लिए 1 कप मैदा या गेहूं का आटा, आधा कप नरम मक्खन, 2 से 3 बड़े चम्मच पिसी हुई चीनी, करीब डेढ़ बड़ा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच नमक और आधा छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर चाहिए. आटा बांधने के लिए जरूरत के हिसाब से 1 से 2 बड़े चम्मच ठंडा दूध लिया जा सकता है.
जीरे को हल्का भूनना है जरूरी
जीरा बिस्किट का असली स्वाद उसके जीरे से ही आता है. इसलिए इसे सीधे आटे में डालने के बजाय पहले हल्का भूनना बेहतर रहता है. इसके लिए एक पैन को धीमी आंच पर रखें और उसमें जीरा डालकर करीब 1 से 2 मिनट तक भूनें. जैसे ही जीरे से अच्छी खुशबूटिप्स आने लगे, गैस बंद कर दें. आधे जीरे को हल्का दरदरा कूट लें, जबकि बाकी जीरा साबुत रहने दें. इससे बिस्किट में स्वाद के साथ अच्छी टेक्सचर भी आएगी.
(इमेज AI)
ऐसे तैयार करें बिस्किट का आटा
अब एक बड़े बर्तन में नरम मक्खन और पिसी हुई चीनी डालें. इसे करीब 3 से 4 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें. मिश्रण हल्का और क्रीमी दिखाई देने लगे तो समझें कि बेस तैयार है. इसके बाद इसमें मैदा, बेकिंग पाउडर, नमक और दरदरा किया हुआ जीरा डालकर सभी चीजों को मिलाएं. अब जरूरत के मुताबिक थोड़ा-थोड़ा ठंडा दूध डालें और हल्के हाथों से आटा तैयार करें. यहां एक छोटी-सी बात ध्यान रखना जरूरी है. आटे को रोटी की तरह ज्यादा देर तक नहीं गूंथना है. ज्यादा गूंथने से बिस्किट की बनावट उतनी कुरकुरी नहीं रह सकती.
15 मिनट फ्रिज में रखें आटा
आटा तैयार होने के बाद इसे ढककर करीब 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. इससे आटा थोड़ा सेट हो जाता है और बिस्किट बेलते समय ज्यादा चिपचिपा नहीं लगता. इस छोटे से स्टेप को छोड़ने की जल्दबाजी न करें, क्योंकि अच्छी शेप और टेक्सचर के लिए यह मददगार हो सकता है.
(इमेज AI)
बिस्किट को दें अपनी पसंद की शेप
अब आटे को बाहर निकालकर हल्का बेल लें. इसकी मोटाई लगभग एक चौथाई इंच रखें. बहुत पतला आटा रखने पर बिस्किट जरूरत से ज्यादा हार्ड हो सकता है, जबकि बहुत मोटा होने पर अंदर से सही तरह बेक होने में समय लग सकता है. अब कुकी कटर या किसी छोटे गोल ढक्कन की मदद से बिस्किट काट लें. ऊपर से बचा हुआ साबुत भुना जीरा डालें और हाथ से हल्का दबा दें, ताकि बेक करते समय जीरा अलग न हो.
170 डिग्री पर करें बेक
बिस्किट को बेक करने से पहले ओवन को 170 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट कर लें. तैयार बिस्किट को बेकिंग ट्रे पर थोड़ी दूरी बनाकर रखें. अब इन्हें करीब 15 से 18 मिनट तक बेक करें. बिस्किट के किनारे और ऊपर हल्के सुनहरे होने लगें तो इन्हें बाहर निकाला जा सकता है. ओवन से निकालते समय बिस्किट थोड़े नरम लग सकते हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है. ठंडा होने के बाद इनकी क्रिस्पीनेस बढ़ जाती है. इसलिए इन्हें तुरंत डिब्बे में भरने के बजाय पहले पूरी तरह ठंडा होने दें.
एयरटाइट डिब्बे में करें स्टोर
पूरी तरह ठंडे होने के बाद जीरा बिस्किट को साफ और एयरटाइट कंटेनर में रखें. शाम की चाय, सुबह की कॉफी या अचानक घर आए मेहमानों के लिए ये होममेड बिस्किट आसानी से सर्व किए जा सकते हैं. स्वाद बढ़ाने के लिए जीरे की मात्रा अपनी पसंद के मुताबिक थोड़ी कम या ज्यादा भी रख सकते हैं. घर पर बनाए गए इन बिस्किट की खासियत यही है कि इसमें सामग्री आपके सामने होती है और स्वाद भी अपनी पसंद के हिसाब से रखा जा सकता है. बस आटा ज्यादा न गूंथें और बिस्किट को जरूरत से ज्यादा बेक करने से बचें. फिर तैयार होंगे ऐसे कुरकुरे जीरा बिस्किट, जिन्हें एक कप गरम चाय के साथ खाने का मजा ही अलग है.