Last Updated:
Baghelkhand Pumpkin Recipe: कद्दू की सब्जी का नाम सुनते ही अगर घर के बच्चे खाने से बचने लगते हैं, तो इस बार इसे बघेलखण्डी अंदाज में बनाकर देखिए. कद्दू की खट्टी-मीठी सब्जी स्वाद में इतनी अलग होती है कि सामान्य कद्दू की सब्जी पसंद न करने वाले लोग भी इसे चाव से खा सकते हैं.
सतना: अगर बच्चे कद्दू की सब्जी देखते ही मुंह बनाने लगते हैं तो इस बार इसे थोड़ा अलग अंदाज में बनाकर देखिए. बघेलखंड में बनने वाली कद्दू की खट्टी-मीठी सब्जी स्वाद में इतनी चटपटी और मजेदार होती है कि जो बच्चे कद्दू खाने से बचते हैं वे भी इसे पसंद कर सकते हैं. इसमें गुड़ की हल्की मिठास और अमचूर का खट्टापन सब्जी का स्वाद पूरी तरह बदल देता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा सामान या ज्यादा समय की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद मसालों से ही यह देसी सब्जी आसानी से तैयार हो जाती है. इसे रोटी, पराठे, पूड़ी, दाल-चावल या बच्चों के टिफिन के साथ भी परोसा जा सकता है.
लोकल 18 को जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी अंजलि चतुर्वेदी ने बताया कि इस सब्जी को बनाना काफी आसान है. सबसे पहले कद्दू लें और उसका छिलका अच्छी तरह उतार लें. इसके बाद कद्दू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. कटे हुए टुकड़ों को एक बर्तन में पानी से अच्छी तरह धो लें. धोने के बाद इन्हें छानना जरूरी है ताकि कद्दू में बचा पानी निकल जाए और इसे पकाते समय सब्जी का स्वाद फीका न पड़े.
मसालों से तैयार होगा देसी स्वाद
अब एक कड़ाही लें और उसमें तेल गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद इसमें थोड़ी सी हींग और जीरा डालें. इसके बाद प्याज और लहसुन डालकर हल्का भून लें. अब इसमें हल्की पिसी हुई मिर्च और स्वाद के अनुसार नमक डालें. मसालों को कुछ देर चलाने के बाद इसमें गुड़ डालें और करीब एक-दो मिनट तक अच्छी तरह मिलाएं. गुड़ मसालों के साथ मिलकर सब्जी में हल्की मिठास और अलग तरह का स्वाद लाएगा.
कद्दू डालकर करें अच्छी तरह मिक्स
जब मसाला अच्छी तरह तैयार हो जाए तो इसमें कटे हुए कद्दू के टुकड़े डाल दें. कद्दू को मसाले के साथ अच्छी तरह मिला लें ताकि हर टुकड़े पर मसाला अच्छी तरह लग जाए. इसके बाद कड़ाही को ढककर इसे करीब 10 से 15 मिनट तक पकने दें. बीच-बीच में कड़ाही खोलकर सब्जी को चला सकते हैं जिससे कद्दू नीचे चिपके नहीं और सभी टुकड़े बराबर तरीके से पक जाएं.
अमचूर देगा खट्टा-चटपटा स्वाद
कद्दू के नरम होने के बाद इसमें अमचूर मिलाएं. अमचूर डालने से सब्जी में हल्का खट्टापन आ जाता है जो गुड़ की मिठास के साथ मिलकर इसका स्वाद और बेहतर बना देता है. अमचूर की मात्रा अपने स्वाद के हिसाब से रखी जा सकती है. अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो मिर्च कम रखकर अमचूर और गुड़ का संतुलन अपने स्वाद के अनुसार कर सकते हैं.
टिफिन से लेकर दाल-चावल तक के साथ स्वादिष्ट
जब कद्दू अच्छी तरह पक जाए और मसाला उसके साथ मिल जाए तो आपकी बघेलखण्डी स्टाइल की खट्टी-मीठी कद्दू की सब्जी तैयार है. इसे गरमागरम रोटी या पराठे के साथ परोसा जा सकता है. सुबह के नाश्ते में पूड़ी के साथ भी इसका स्वाद अच्छा लगता है. बच्चों के टिफिन में पराठे के साथ इसे रखा जा सकता है वहीं घर में दाल-चावल के साथ भी यह रोज की थाली में नया स्वाद जोड़ सकती है.
कम मेहनत में बदल जाएगा कद्दू का स्वाद
कद्दू की यह देसी रेसिपी उन लोगों के लिए भी अच्छा विकल्प है जो रोज एक ही तरह की सब्जी खाकर बोर हो जाते हैं. इसमें बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती और घर के सामान्य मसालों से ही इसे तैयार किया जा सकता है. गुड़ और अमचूर का मेल कद्दू को ऐसा स्वाद देता है जो सामान्य कद्दू की सब्जी से काफी अलग लगता है. इसलिए अगर घर में बच्चे कद्दू खाने से बचते हैं तो एक बार बघेलखण्डी अंदाज में इसकी खट्टी-मीठी सब्जी बनाकर जरूर खिलाएं.
About the Author
with more than more than 5 years of experience in journalism. It has been two and half year to associated with Network 18 Since 2023. Currently Working as a Senior content Editor at Network 18. Here, I am cover…
और पढ़ें