पश्चिम बंगाल की दो हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों नंदीग्राम और रेजीनगर में होने जा रहे आगामी उपचुनाव के लिए राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने रविवार को अपने प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी। तृणमूल कांग्रेस ने नंदीग्राम विधानसभा सीट से संचिता प्रधान (डे) और रेजीनगर सीट से रबीउल आलम चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि इन नामों की घोषणा पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष ममता बनर्जी के मार्गदर्शन में की गई है। पार्टी ने दोनों प्रत्याशियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे निष्ठा और मजबूती के साथ जनता की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाएंगे।
टीएमसी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस, हमारी माननीय अध्यक्ष श्रीमती ममता बनर्जी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से आगामी नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए खुशी महसूस कर रही है। हम श्रीमती संचिता प्रधान (डे) और श्री रबीउल आलम चौधरी को इस चुनावी यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हैं। ईश्वर करें कि वे पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं को आगे ले जाएं।’
कांग्रेस और वामदलों ने भी उतारे प्रत्याशी
दूसरी तरफ, कांग्रेस पार्टी ने रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफ़ी को मैदान में उतारा है जबकि नंदीग्राम सीट से मिलन प्रधान को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने रेजीनगर विधानसभा सीट से एडवोकेट सईद असद अली को टिकट दिया है। वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने नंदीग्राम से शांति गोपाल गिरि को अपना उम्मीदवार नामांकित किया है।
क्यों खाली हुईं ये सीटें?
नंदीग्राम में उपचुनाव की नौबत इसलिए आई क्योंकि विधायक सुवेंदु अधिकारी ने इस सीट को छोड़कर भवानीपुर सीट को अपने पास बनाए रखने का फैसला किया, जहां उन्होंने इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनावों में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को हराया था। वहीं रेजीनगर सीट आम जनता विकास पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी जिन्होंने नौदा सीट से भी जीत दर्ज की थी।
इन सीटों पर कब होगा चुनाव?
गौरतलब है कि चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार इन सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा और 9 अक्टूबर को परिणाम आएंगे। TMC की घोषणा के बाद अब दोनों क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इन सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भरने की अंतिम तारीख 16 सितंबर 2026 है और नाम वापसी लेने की अंतिम तारीख 19 सितंबर 2026 है। इन दोनों सीटों पर मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें-
नंदीग्राम और रेजिनगर उपचुनाव, कांग्रेस ने उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान, जानें कैंडिडेट्स के नाम