होमफोटोलाइफ़फूड

भिंडी पसंद है तो ट्राई करें अचार की ये रेसिपी, खाने का स्वाद हो जाएगा दोगुना

Last Updated:

How to Make Bhindi Pickle: भिंडी की सब्जी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन इसका अचार बहुत कम लोग बनाते हैं और सही तरीका न पता होने के कारण कई लोग इसे घर पर बनाने से बचते हैं. खास बात यह है कि इस अचार के लिए छोटी और कच्ची भिंडी का इस्तेमाल किया जाता है और मसालों को खास तरीके से भरकर तैयार किया जाता है. सरसों के तेल और मसालों के साथ तैयार होने वाला यह अचार कुछ दिनों में खाने के लिए तैयार हो जाता है. आखिर भिंडी का अचार बनाने के लिए भिंडी को कैसे तैयार करें, कौन-कौन से मसाले डालें और इसे स्वादिष्ट बनाने का सही तरीका क्या है, जानिए पूरी रेसिपी.

अगर आप भी भिंडी खाने के शौकीन हैं, तो आज हम आपको भिंडी की एक ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे जानने के बाद आप भिंडी का अचार जरूर बनाना चाहेंगे. खास बात यह है कि इस अचार का स्वाद भिंडी की सामान्य सब्जी से बिल्कुल अलग होता है. बहुत कम लोग भिंडी का अचार बनाते हैं और कई लोग इसे बनाना तो चाहते हैं, लेकिन सही तरीका नहीं जानते. ऐसे में आज हम आपको घर पर स्वादिष्ट भिंडी का अचार बनाने का आसान तरीका बता रहे हैं.

फूड एक्सपर्ट निशि ने बताया कि भिंडी का अचार बनाने के लिए सबसे पहले सही भिंडी का चुनाव करना जरूरी है. जब भी बाजार से भिंडी खरीदें और उसका अचार डालना हो, तो छोटी-छोटी और कच्ची भिंडी लें. छोटी भिंडी का स्वाद बड़ी भिंडी की तुलना में अचार में ज्यादा अच्छा आता है. इसलिए अचार के लिए साफ-सुथरी और छोटी भिंडी का ही इस्तेमाल करें.

बाजार से भिंडी लाने के बाद उसे हल्के गुनगुने पानी से अच्छी तरह साफ कर लें, ताकि उसके ऊपर लगी मिट्टी और गंदगी निकल जाए. इसके बाद भिंडी के पीछे का हिस्सा काटकर अलग कर दें. अब हर भिंडी में चाकू की मदद से बीच में एक कट लगाएं, ताकि इसमें मसाला आसानी से भरा जा सके.

Add News18 as
Preferred Source on Google

400 ग्राम भिंडी के अचार के लिए 2 बड़े चम्मच साबुत धनिया, 3 साबुत लाल मिर्च, आधा छोटा चम्मच मेथी दाना, डेढ़ बड़े चम्मच सौंफ, 1 छोटा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच अजवाइन, 20-25 काली मिर्च के दाने, नमक, काला नमक, डेढ़ बड़े चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर और 1/8 छोटा चम्मच हींग लें. इसके साथ आधा कप सफेद सिरका, आधा कप सरसों का तेल और 1 छोटा चम्मच साबुत जीरा, कलौंजी और मेथी दाना भी रखें.

भिंडी के अचार में हरी मिर्च डालने से इसका स्वाद और तीखापन दोनों बढ़ जाता है. अगर आप 400 ग्राम भिंडी का अचार बना रहे हैं, तो करीब 50 ग्राम हरी मिर्च लें. हरी मिर्च को भी बीच से काटकर उसमें मसाला भर दें. इसके साथ आधा छोटा चम्मच हल्दी और आधे नींबू का रस भी इस्तेमाल करें.

अब सभी मसालों को मिक्सी में अच्छी तरह पीस लें. अगर किसी मसाले में नमी महसूस हो रही है, तो उसे एक बर्तन में डालकर गैस पर हल्का भून लें, ताकि उसकी नमी निकल जाए. इसके बाद तैयार मसाले को कटी हुई भिंडी और हरी मिर्च के अंदर अच्छी तरह भर दें. मसाला भरने के बाद इसमें तेल डालने की तैयारी करें.

भिंडी का अचार डालते समय पीली सरसों के तेल का इस्तेमाल करें. तेल को पहले गैस पर अच्छी तरह गर्म कर लें. इसमें रतनजोत का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे तेल का रंग बेहतर होता है और इसे पाचन के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. तेल गर्म करने के बाद उसे गैस से उतारकर ठंडा होने दें. ध्यान रखें कि अचार में गर्म तेल बिल्कुल न डालें. तेल पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही इसे अचार में इस्तेमाल करें. इससे तैयार अचार को खराब होने से बचाने में मदद मिलती है. ठंडे तेल को तैयार भिंडी और मसाले के साथ अच्छी तरह मिला लें.

अब तैयार भिंडी के अचार को साफ और सूखे जार में भर दें. इसके बाद इसमें ठंडा किया हुआ सरसों का तेल डालें, ताकि भिंडी और मसाला तेल में अच्छी तरह डूब जाए. जार को बंद करके करीब 10 दिन के लिए रख दें. 10 दिन बाद अचार खोलने पर यह खाने के लिए तैयार हो जाएगा. इस तरह तैयार किया गया भिंडी का अचार स्वाद में भिंडी की सब्जी से बिल्कुल अलग और स्वादिष्ट लगता है और सही तरीके से रखने पर कई महीनों तक चल सकता है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment