Gujarati Besan Chutney Recipe: कई बार ऐसा होता है कि रसोई में सब्जियां तो होती हैं, लेकिन उन्हें बनाने का बिल्कुल मन नहीं करता. ऐसे में समझ नहीं आता कि रोटी या चावल के साथ क्या बनाया जाए, अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो गुजरात की बेसन चटनी एक आसान और स्वादिष्ट विकल्प हो सकती है. बेसन, दही और कुछ सामान्य मसालों से तैयार होने वाली यह चटनी खाने की थाली का स्वाद बदल देती है. इसकी खासियत यह है कि इसे बनाने में बहुत ज्यादा समय नहीं लगता और सामग्री भी ऐसी होती है, जो आमतौर पर घर की रसोई में मिल जाती है.

इसका हल्का खट्टा, मीठा और तीखा स्वाद रोटी, पराठे और चावल के साथ खूब जमता है. खासकर उन दिनों में जब सब्जी बनाने का मन न हो, यह रेसिपी काफी काम आ सकती है.

गुजरात की बेसन चटनी क्यों है खास?
गुजराती खाने की पहचान सिर्फ ढोकला, खांडवी या फाफड़ा तक सीमित नहीं है. यहां कई ऐसी घरेलू रेसिपी हैं, जो कम सामग्री में तैयार होकर खाने को अलग स्वाद देती हैं. बेसन की चटनी भी उन्हीं आसान व्यंजनों में शामिल है. दही और बेसन का मेल इसे हल्का खट्टापन देता है, जबकि चीनी और मसाले स्वाद में अच्छा संतुलन बनाते हैं. घर में अचानक मेहमान आ जाएं या दोपहर के खाने में सब्जी बनाने का समय कम हो, तब भी इसे बनाया जा सकता है. अच्छी बात यह है कि इसकी गाढ़ापन अपनी पसंद के अनुसार रखा जा सकता है.

बेसन की चटनी बनाने के लिए सामग्री
इस चटनी के लिए आपको 1/4 कप बेसन, 1/4 कप दही, 2 हरी मिर्च, 1 इंच अदरक, थोड़ा हरा धनिया, 2 चम्मच तेल, आधा चम्मच राई, चुटकी भर हींग, नमक, 1 चम्मच चीनी और 1/4 चम्मच लाल मिर्च पाउडर की जरूरत होगी. घोल तैयार करने के लिए पानी लें.

(इमेज AI)

ऐसे तैयार करें चटपटी बेसन चटनी
सबसे पहले एक कटोरे में बेसन और दही डालें. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए चिकना घोल तैयार करें. यहां ध्यान रखें कि बेसन में गांठें न रह जाएं. इसके बाद हरी मिर्च, अदरक और हरे धनिए को पीसकर तैयार मिश्रण को बेसन-दही के घोल में मिला दें. अब पैन में तेल गर्म करें और उसमें राई व हींग का तड़का लगाएं. जैसे ही राई चटकने लगे, बेसन का घोल पैन में डाल दें. इसे लगातार चलाते रहें, क्योंकि बेसन नीचे चिपक सकता है. नमक, चीनी और लाल मिर्च पाउडर डालकर मिश्रण को अच्छी तरह पकाएं. जब चटनी धीरे-धीरे गाढ़ी होने लगे और कच्चे बेसन की महक खत्म हो जाए, तब गैस बंद कर दें, अगर आपको पतली चटनी पसंद है तो थोड़ा पानी मिलाया जा सकता है.

ऊपर से तड़का लगाएगा स्वाद दोगुना
चटनी को कटोरे में निकालने के बाद एक छोटे पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें राई और सूखी लाल मिर्च डालकर तड़का तैयार करें. इस तड़के को गर्मागर्म चटनी के ऊपर डालें और ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें. बस, आपकी गुजराती बेसन चटनी तैयार है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

रोटी से लेकर चावल तक के साथ करें सर्व
यह चटनी गरमा-गरम रोटी, पराठे और सादे चावल के साथ खास तौर पर अच्छी लगती है. दाल-चावल के साथ इसे साइड डिश की तरह भी परोसा जा सकता है. अगली बार जब सब्जी बनाने का मन न हो, तो इस आसान बेसन चटनी को जरूर आजमाएं.



Source link

Write A Comment