Last Updated:
Bread Omelette With Milk: ब्रेड ऑमलेट को थोड़े से ट्विस्ट के साथ बनाएंगे तो बच्चे खासतौर पर इसे चट कर जाएंगे. अंडे फेंटते समय इसमें थोड़ा सा दूध मिला लें. इससे ऑमलेट ज्यादा सॉफ्ट और फूला हुआ बनेगा. बच्चों को ये रेग्यूलर ऑमलेट से कहीं अधिक पसंद आएगा.
जमशेदपुर. शाम का समय आते ही ज्यादातर मम्मियों के सामने एक ही सवाल खड़ा हो जाता है- बच्चों को ऐसा क्या खिलाया जाए जो हेल्दी भी हो और बच्चे खुशी-खुशी खा भी लें. खासकर टिफिन के लिए कुछ ऐसा बनाना जरूरी होता है जो जल्दी तैयार हो जाए, स्वादिष्ट हो और पोषण से भरपूर भी हो. ऐसे में ‘दूध वाला ब्रेड ऑमलेट’ एक बेहतरीन और आसान विकल्प बन सकता है.
यह साधारण ब्रेड ऑमलेट से थोड़ा अलग होता है, क्योंकि इसमें दूध का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे ऑमलेट बेहद मुलायम (फ्लफी) बनता है और उसका स्वाद भी काफी बढ़ जाता है. बच्चे इसे बहुत पसंद करते हैं और यह उनके लिए प्रोटीन से भरपूर भी होता है.
बनाने की विधि
सबसे पहले 2 अंडे लें और उन्हें एक बाउल में अच्छी तरह फोड़कर डालें. अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर और हरा धनिया डालें. आप चाहें तो थोड़ा सा हरी मिर्च भी बारीक काटकर डाल सकते हैं, लेकिन बच्चों के लिए इसे हल्का ही रखें. इसके बाद इसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा चाट मसाला डालें, जिससे इसका स्वाद और भी मजेदार हो जाएगा. अब इस मिश्रण में 4 से 5 चम्मच दूध डालें और इसे अच्छी तरह फेंट लें. दूध डालने से ऑमलेट ज्यादा सॉफ्ट और स्पंजी बनता है, जो बच्चों को बहुत पसंद आता है.
पैन में डालें तेल
अब एक फ्राई पैन को गैस पर गर्म करें और उसमें थोड़ा सा तेल या बटर डालें. जब तेल गर्म हो जाए, तब तैयार अंडे का मिश्रण पैन में डालें. हल्की आंच पर इसे पकने दें. जब ऑमलेट थोड़ा सेट हो जाए, तब उसके ऊपर ब्रेड के स्लाइस रखें और हल्के से दबाएं, ताकि ब्रेड ऑमलेट के साथ अच्छी तरह चिपक जाए. कुछ देर बाद ऑमलेट को पलट दें और दूसरी तरफ से भी ब्रेड को सुनहरा और क्रिस्प होने तक सेकें. जब दोनों तरफ से अच्छी तरह पक जाए, तब इसे प्लेट में निकाल लें.
क्यों है यह खास?
यह ब्रेड ऑमलेट बच्चों के लिए एक अच्छा स्नैक है क्योंकि इसमें अंडे का प्रोटीन, दूध का कैल्शियम और सब्जियों का पोषण एक साथ मिलता है. साथ ही, यह जल्दी बनने वाला और पेट भरने वाला विकल्प भी है. अगर आप रोज-रोज एक ही तरह का टिफिन देकर परेशान हो चुके हैं, तो इस रेसिपी को जरूर ट्राई करें. यकीन मानिए, बच्चे इसे मजे से खाएंगे और बार-बार मांगेंगे.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें