40 दिनों तक चले जबरदस्त कलेश, अटूट दोस्ती, दिल टूटने के लम्हों, धोखे, कठिन टास्क और नाटकीय एलिमिनेशन के बाद आखिरकार रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। 27 जून को 15 प्रतियोगियों के साथ शुरू हुए इस शो में बाद में दो वाइल्ड कार्ड एंट्रियां भी शामिल हुईं। इस लंबे और कठिन सफर के बाद अब फैंस की निगाहें आज रात होने वाले ग्रैंड फिनाले पर टिकी हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हो रहे इस शो के फिनाले में अब केवल पांच फाइनलिस्ट श्रेया कालरा, शिवांगी जोशी, शिल्पा शिंदे, योगेश रावत और राम कपूर बचे हैं।
छठे हफ्ते में हर्षद चोपड़ा, आकांक्षा चमोला और वरुण यादव के बाहर होने के बाद इन टॉप 5 खिलाड़ियों के बीच खिताबी जंग तय हुई है। फिनाले एपिसोड की स्ट्रीमिंग आज रात 8 बजे से शुरू होगी, जिसकी मेजबानी फराह खान और रितेश देशमुख मिलकर करेंगे। शो के नए प्रोमो के अनुसार विजेता का फैसला फिनाले टास्क और स्टूडियो में मौजूद लाइव ऑडियंस की वोटिंग के आधार पर किया जाएगा। इस सीजन के विजेता को ट्रॉफी के साथ ₹1 करोड़ की भारी-भरकम नकद राशि इनाम के रूप में मिलेगी।