क्या बंगाल में ममता बनर्जी को एक और झटका लगने वाला है! तृणमूल कांग्रेस की नेता शशि पांजा के सोमवार को लगातार दूसरे दिन एनसीपीआई से जुड़ी सांसद काकोली घोष दस्तीदार के क्लिनिक जाने के बाद एक बार फिर दल-बदल की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, पूर्व मंत्री पांजा ने ममता बनर्जी नीत तृणमूल से अलग होने की संभावना से जुड़े सवालों का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
क्या TMC छोड़ने की चल रही तैयारी
पत्रकारों ने पांजा को क्लिनिक से बाहर निकलते समय रोककर पूछा कि क्या वह तृणमूल को छोड़ने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने इस पर हल्की मुस्कान के साथ केवल इतना कहा, ‘मुझे जाना है।’ इसके बाद शशि पांजा वहां से चली गईं।
ममता बनर्जी के आवास से 800 मीटर दूरी पर हुई मुलाकात
यह क्लिनिक पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास से लगभग 800 मीटर की दूरी पर स्थित है। पांजा की इस संक्षिप्त प्रतिक्रिया के बाद उनके राजनीतिक रुख को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
पांजा के साथ काकोली का 3 दशक से अधिक पुराना संबंध
इससे पहले पिछले सप्ताह भी उनके इसी क्लिनिक जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें शुरू हुई थीं। हालांकि, तृणमूल से बगावत करने वाली घोष दस्तीदार ने इन मुलाकातों के किसी भी राजनीतिक मायने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पांजा के साथ उनका संबंध तीन दशक से अधिक पुराना है और यह पूरी तरह उनके चिकित्सा पेशे से जुड़ा हुआ है।
20 लोकसभा सांसद ने ममता का छोड़ा साथ
बता दें कि बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) में फूट पड़ी हुई है। टीएमसी के 20 लोकसभा सांसद पार्टी से बगावत कर अलग हो चुके हैं। इन सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) नाम से अलग समूह बनाया है। इन सभी ने NDA का समर्थन किया है। ये सांसद हाल ही में पहली बार NDA संसदीय दल की बैठक में भी शामिल हुए थे।
इसके अलावा कई और नेता अभी ममता बनर्जी का साथ छोड़ने को तैयार बैठे हैं। इसी को लेकर टीएमसी नेता बागी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: