Puttu vegetable Recipe: बरसात के मौसम में छत्तीसगढ़ के गांवों में एक खास देसी स्वाद लोगों की थाली में नजर आने लगता है. खेतों, जंगलों और पेड़ों के आसपास प्राकृतिक रूप से उगने वाला छाता पुटू यानी छाता मशरूम इस मौसम की लोकप्रिय सब्जियों में शामिल है. स्वादिष्ट होने के साथ यह पौष्टिक भी माना जाता है. ग्रामीण इलाकों में इसे पारंपरिक तरीके से भुजिया और मसालेदार सब्जी बनाकर खाया जाता है. जांजगीर-चांपा जिले के जर्वे गांव की गृहिणी अन्नू बताती हैं कि बारिश के दिनों में ताजा छाता मशरूम मिलते ही घरों में इसकी सब्जी बनाई जाती है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले मशरूम को अच्छी तरह साफ कर छोटे टुकड़ों में काटा जाता है. कड़ाही में तेल गर्म कर सरसों, प्याज और लहसुन का तड़का लगाया जाता है. इसमें टमाटर, हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च और अन्य मसाले डालकर स्वादिष्ट मसाला तैयार किया जाता है. फिर मशरूम डालकर 5 से 7 मिनट तक पकाया जाता है. गरम भात के साथ छाता पुटू की सब्जी का स्वाद और भी बढ़ जाता है. यह मौसमी डिश स्वाद के साथ पोषण भी देती है.