Last Updated:

Til Ki Chutney Easy Recipe: अगर आप भी बोरिंग खाने को चटपटा और मजेदार बनाना चाहते हैं, तो पहाड़ों की ये खास तिल की चटनी रेसिपी आपके लिए बेस्ट है. देवभूमि के हर घर में बनने वाली यह चटनी न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद मानी जाती है. खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाला पहाड़ी चूख इसे ऐसा खट्टा-तीखा स्वाद देता है, जिसके आगे बाजार के सॉस और अचार भी फीके पड़ जाएंगे. चाहे गरम-गरम पकौड़े हों या सादा दाल-चावल, बस एक चम्मच तिल की चटनी पूरे खाने का स्वाद बदल देती ही.

Til Ki Chutney Easy Recipe: अगर आप खाने में कुछ नया और देसी स्वाद जोड़ना चाहते हैं, तो पहाड़ों में बनने वाली तिल की ये खास चटनी आपको जरूर आज़मानी चाहिए. यह चटनी न सिर्फ बनाने में बहुत आसान है, बल्कि इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि एक बार चखने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे.
पहाड़ों में खान-पान का अपना अलग ही मजा है. यहां भांग, लहसुन और टमाटर की कई तरह की चटनियां बनाई जाती हैं. लेकिन इन सबमें तिल की चटनी का स्वाद सबसे अलग और खास माना जाता है. इसे आप रोज के खाने के साथ तो खा ही सकते हैं, साथ ही मेहमानों को परोसकर अपनी कुकिंग की तारीफ भी बटोर सकते हैं.

चटनी बनाने के लिए जरूरी सामान
इस खास चटनी को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं है. बस अपनी रसोई से ये चीजें निकाल लें.
2 बड़े चम्मच तिल (सफेद या काला)
2-3 हरी मिर्च (तीखा स्वादानुसार रख सकते हैं)
थोड़ा हरा धनिया और पुदीने की पत्तियां
नमक स्वाद के अनुसार
2 चम्मच पहाड़ी चूख (नींबू का रस)

चटनी बनाने की सरल विधि

  • सबसे पहले तिल को एक तवे पर धीमी आंच पर हल्का भून लें. ध्यान रहे कि तिल जलने न पाएं, बस हल्का सुनहरा होने तक ही भूनें. इससे चटनी में सोंधी खुशबू आती है.
  • अब भुने हुए तिल को सिलबट्टे या मिक्सर में डालें. इसमें हरी मिर्च, धनिया, पुदीना और नमक डालकर अच्छी तरह पीस लें. जरूरत पड़ने पर थोड़ा सा पानी भी डाल सकते हैं ताकि पेस्ट एकदम स्मूद बने.
  • जब चटनी अच्छे से पिस जाए, तब इसमें खास पहाड़ी फ्लेवर के लिए ‘चूख’ मिलाएं. अगर आपके पास चूख नहीं है, तो बड़े नींबू का रस भी डाल सकते हैं. इसे एक बार फिर हल्का सा पीस लें ताकि सारा स्वाद मिल जाए.

सिलबट्टे पर आएगा असली स्वाद
पहाड़ों में आज भी सिलबट्टे पर चटनी पीसने की परंपरा है. माना जाता है कि पत्थर पर पिसी हुई चटनी का स्वाद मिक्सी के मुकाबले कहीं ज्यादा असली और बेहतरीन होता है. पिथौरागढ़ की रहने वाली गृहणी नर्वदा देवी बताती हैं, “हम लोग तो बचपन से ही यह चटनी खाते आ रहे हैं. जब घर में कोई खास सब्जी नहीं होती थी, तब भी यह चटनी रोटी के साथ बहुत स्वाद देती थी. सिलबट्टे की पिसी चटनी और चूख का खट्टापन (नींबू) मिलकर इसे एकदम मजेदार बना देता है.”
आप इस चटनी को दाल-चावल, गरमा-गरम रोटी या कुरकुरे पकौड़ों के साथ खा सकते हैं. इस गर्मी अगर आप भी कुछ बढ़िया ट्राई करना चाहते हैं तो एक बार इस रेसिपी को घर पर जरूर ट्राई करें, यह चटनी आपके पूरे खाने का जायका दोगुना कर देगी.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Write A Comment