Variyali Sharbat Recipe: कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है. गर्म हवा के कारण लोगों का हाल बेहाल है. ऐसे में इस जला देने वाली गर्मी में कुछ ऐसा खाना-पीना चाहिए जो आपको हेल्दी तो रखे ही, साथ ही शरीर को भी ठंडक प्रदान करे. इस मौसम में लिक्विड पदार्थ का सेवन अधिक करना चाहिए, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो. हमारे देश के विभिन्न राज्यों में अलग-अलग तरह की पारंपरिक व्यंजन बनाए जाते हैं. आमतौर पर आप गर्मियों में लस्सी, छाछ, नारियल पानी, नॉर्मल पानी, सत्तू का शरबत, गुलकंद का शरबत आदि आप खूब पीते होंगे, लेकिन क्या कभी गुजरात का मशहूर वरियाली शरबत पिया है? वरियाली शरबत (Variyali Sharbat) इस राज्य का ट्रेडिशनल पेय है, जिसे गुजरात में रहने वाले लोग वर्षों से सेवन करते आ रहे हैं. चलिए जानते हैं क्या खास बनाता है इस शरबत को, क्या होते हैं इसे पीने के फायदे.
क्या हैं वरियाली शरबत के फायदे?
शरीर को रखे हाइड्रेटेड- वरियाली शरबत का सेवन गुजरात में गर्मियों के मौसम में खूब पिया जाता है, ताकि उमस, गर्मी से शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखा जा सके. इसे पीने से लू लगने का जोखिम कम होता है. प्यास बुझती है, शरीर हाइड्रेटेड रहता है. इसमें सौंफ डालते हैं, जिसकी प्रकृति ठंडी होती है. यह शरीर के तापमान को संतुलित रखने में मदद करती है.
पाचन रखे दुरुस्त- आपको हमेशा एसिडिटी, अपच, पेट फूलने आदि की समस्याएं बनी रहती हैं, तो यह शरबत काफी लाभदायक हो सकता है. खासकर खाने के बाद इसे पीने से पाचन बेहतर होता है. पेट हल्का महसूस होता है.
स्किन और डिटॉक्स के लिए उपयोगी- गर्मियों में त्वचा अक्सर थकी और बेजान लगने लगती है. ऐसे में वरियाली शरबत शरीर को अंदर से तरोताजा करता है. इसका असर त्वचा पर साफ देखने को मिलता है. नियमित सेवन से यह शरीर को डिटॉक्स करने में भी मदद कर सकता है.
कैसे बनाएं वरियाली शरबत?
इसे तैयार करना बेहद आसान है. इसके लिए आपको 3-4 बड़े चम्मच सौंफ लेना है. सौंफ को 6 से 8 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. फिर इसे मिक्सी में डालें. इसमें थोड़ी सी मिश्री भी डाल दें. हल्का पानी डालें और पीस लें. मिश्रण को छानकर सिरप बना लें. इस सिरप को बोतल में भरकर फ्रिज में रख दें. 1 से 2 सप्ताह तक इसे इस्तेमाल किया जा सकता है.
कैसे करें सेवन
पीने के लिए 1 से 2 चम्मच सिरप को ठंडे पानी या दूध में मिलाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें नींबू का रस या काला नमक भी डाल सकते हैं.
मार्केट में मिलने वाले पेयों से बेहतर विकल्प
आजकल लोग पैकेज्ड ठंडे पेय ज्यादा पीते हैं, लेकिन इनमें शुगर और केमिकल्स की मात्रा काफी अधिक होती है. इसके मुकाबले घर का बना वरियाली शरबत एक हेल्दी और नेचुरल विकल्प है. इससे शरीर को ठंडक मिलती है, साथ ही सेहत भी बनी रहती है. सौंफ और मिश्री के सेवन से भी शरीर को कई लाभ होते हैं.