Last Updated:
How to Make Tomato Pickle: टमाटर की सब्जी और चटनी तो आपने खूब खाई होगी, लेकिन क्या कभी इसका अचार चखा है. टमाटर का अचार स्वाद में बाकी अचारों से काफी अलग होता है और इसे घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है. इसमें टमाटर के साथ मसालों का ऐसा मेल किया जाता है कि स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं. लेकिन इस अचार को बनाने में टमाटर का चुनाव और उससे पानी निकालने का तरीका बेहद जरूरी है. आखिर टमाटर का अचार बनाने के लिए कौन से टमाटर लें, मसाले कैसे तैयार करें और इसे लंबे समय तक कैसे रखें, जानिए पूरी रेसिपी.
अक्सर आपने अलग-अलग सब्जियों का अचार बनते हुए देखा होगा, लेकिन क्या आपने कभी टमाटर का अचार खाया है? टमाटर का अचार खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ बाकी अचारों से भी काफी अलग होता है. आज हम आपको टमाटर के अचार की ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं.
सबसे पहले टमाटर का अचार डालने के लिए सही टमाटर का चुनाव करना जरूरी है. इसके लिए हमेशा ताजे और बिल्कुल टाइट टमाटर ही लें. कोई भी टमाटर हरा या ज्यादा पिलपिला नहीं होना चाहिए. अचार के लिए ताजे और सख्त टमाटर ही इस्तेमाल करें. इसलिए जब भी अचार के लिए टमाटर खरीदने जाएं, तो इस बात का खास ध्यान रखें.
टमाटर को सबसे पहले पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद उन्हें करीब 10 मिनट तक पंखे की हवा या धूप में सुखा लें. अब हर टमाटर के चार टुकड़े कर लें. इससे ज्यादा टुकड़े नहीं करने हैं. टमाटर काटने के बाद उसके अंदर के सभी बीज निकालकर अलग कर दें. सभी कटे हुए टमाटर के टुकड़ों को भी अलग रख लें. इसके बाद अचार में इस्तेमाल होने वाले मसालों को तैयार करना है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
टमाटर के अचार के लिए धनिया, सौंफ, जीरा, मेथी, पीली सरसों, हल्दी, नमक, हींग, काली मिर्च, कश्मीरी लाल मिर्च, पीली सरसों का तेल और अमचूर का इस्तेमाल करना है. इनमें से जिन मसालों में नमी हो, उन्हें हल्की गैस की आंच पर 2 से 3 मिनट तक गर्म कर लें. इसके बाद सभी मसालों को मिक्सी में डालकर पीस लें. मसालों को बहुत बारीक नहीं पीसना है, इन्हें थोड़ा दरदरा ही रखना है.
अब कटे हुए टमाटर के टुकड़ों को लें और इनमें हल्दी और थोड़ा नमक डालकर करीब 4 से 5 घंटे के लिए रख दें. ऐसा करने से टमाटर के अंदर का पानी बाहर निकल जाता है. इससे अचार जल्दी खराब नहीं होता और उसकी लाइफ भी बढ़ जाती है. 4 से 5 घंटे बाद टमाटर को देखें तो उसमें से काफी पानी निकल चुका होगा. इस पानी को अलग कर दें और टमाटर के टुकड़ों को निकालकर करीब 10 मिनट तक पंखे की हवा में सुखा लें.
अब टमाटर में भरने वाले मसाले को तैयार करना है. इसके लिए पहले पीसकर तैयार किया हुआ मसाला एक बर्तन में डालें. इसमें स्वाद के अनुसार नमक मिलाएं. इसके बाद पीली सरसों के तेल को अच्छी तरह गर्म कर लें. तेल गर्म होने के बाद उसे थोड़ा ठंडा होने दें और फिर मसाले में डालकर अच्छी तरह मिला लें. इस तरह टमाटर में भरने वाला मसाला तैयार हो जाएगा.
अब कटे हुए टमाटर के एक-एक टुकड़े को लें और उसके अंदर तैयार किया हुआ मसाला अच्छी तरह भर दें. सभी टमाटर के टुकड़ों में मसाला भरने के बाद बचा हुआ मसाला ऊपर से डाल दें. इसके बाद ऊपर से थोड़ा सरसों का तेल भी डालें. अब अचार को एक दिन के लिए धूप दिखा दें. इससे अचार का स्वाद अच्छा होता है और यह जल्दी तैयार होने में मदद करता है. इसके बाद अचार को साफ और सूखे कांच के बर्तन में भरकर करीब 10 से 15 दिन के लिए रख दें.
अगर आप इस तरीके से टमाटर का अचार तैयार करते हैं, तो इसका स्वाद आपको बाकी अचारों से काफी अलग लगेगा. टमाटर का अचार टमाटर की सब्जी और चटनी से बिल्कुल अलग स्वाद देता है. इसे बहुत कम लोग बनाते हैं, इसलिए अगर आप भी घर पर कुछ अलग तरह का अचार बनाना चाहते हैं, तो इस रेसिपी को आजमा सकते हैं. सही तरीके से तैयार और स्टोर करने पर यह अचार कई महीनों तक चल सकता है.