Last Updated:
Bottle Gourd Baghelkhnad Recipe: लौकी खाने में बच्चे नखरे करते हैं तो इस बार बघेलखण्डी अंदाज में इसका चटपटा अचार बनाकर देखिए. सरसों तेल और देसी मसालों से तैयार यह अचार स्वाद में इतना मजेदार है कि परांठे और दाल-चावल के साथ बार-बार खाने का मन करेगा.
सतना: अगर आपके घर में बच्चे लौकी का नाम सुनते ही मुंह बनाने लगते हैं तो इस सब्जी को एक नए अंदाज में खिलाने का तरीका आपके काम आ सकता है. बघेलखंड में लौकी से कई तरह के देसी व्यंजन बनाए जाते हैं लेकिन इसका चटपटा अचार बच्चों के साथ बड़ों को भी पसंद आ सकता है. इसमें लौकी का स्वाद मसालों के साथ बदल जाता है और इसे परांठे या दाल-चावल के साथ आसानी से खाया जा सकता है.
स्थानीय निवासी अंजलि चतुर्वेदी ने लोकल 18 को बताया कि घर पर थोड़ी सी तैयारी के साथ कच्ची लौकी का मसालेदार अचार बनाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि अचार बनाने के लिए ऐसी लौकी लेना बेहतर रहता है जो ताजी और नरम हो. सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर उसका छिलका उतार लें. इसके बाद इसे अपनी पसंद के हिसाब से छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. छोटे टुकड़े होने से मसाला लौकी में अच्छी तरह मिल जाता है और खाने में भी आसानी रहती है. लौकी काटते समय ध्यान रखें कि टुकड़े बहुत बड़े न हों ताकि आगे की तैयारी में उन्हें सही तरीके से पकाया जा सके.
ज्यादा गलाना नहीं है जरूरी
लौकी के टुकड़े काटने के बाद उन्हें उबलते पानी में करीब 4 से 5 मिनट तक हल्का उबालना है. यहां सबसे जरूरी बात यह है कि लौकी को बहुत ज्यादा न गलाएं उनमें टुकड़ों का आकार बना रहना चाहिए. हल्का उबलने के बाद लौकी को पानी से छान लें. इसके बाद इन्हें सूती कपड़े पर फैलाकर या थोड़ी देर धूप में रखकर करीब 10 मिनट तक सुखाएं जिससे लौकी के टुकड़ों की ऊपर की नमी निकल जाएगी.
सरसों तेल और मसालों से आएगा चटपटा स्वाद
अब अचार के लिए मसाला तैयार करने की बारी आती है. इसलिए एक कड़ाही में हल्का सरसों तेल गर्म करें ध्यान रखें कि तेल को बहुत ज्यादा गर्म करने की जरूरत नहीं है. इसके बाद हल्की आंच पर तैयार पिसा हुआ मसाला डालें. इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हींग, कश्मीरी मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और स्वाद के हिसाब से नमक मिलाएं. मसालों को तेल में अच्छी तरह चलाते रहें ताकि उनका स्वाद तेल में अच्छे से मिल जाए और मसाला जलने न पाए.
लौकी को मसाले में ऐसे मिलाएं
जब मसाला अच्छी तरह तैयार हो जाए तो इसमें पहले से उबाले और सुखाए गए लौकी के टुकड़े डाल दें. अब सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं ताकि मसाला हर टुकड़े पर बराबर तरीके से लग जाए. मसाला मिलाने के बाद लौकी को करीब 2 से 3 मिनट तक पकाना है. इस दौरान आंच हल्की रखें और लगातार चलाते रहें. ज्यादा देर तक पकाने से लौकी बहुत नरम हो सकती है इसलिए कम समय में ही इसे तैयार करना है.
ठंडा होने के बाद जार में भरें
लौकी और मसाले को पकाने के बाद कड़ाही को गैस से उतार लें. अब अचार को करीब 10 से 15 मिनट तक ठंडा होने दें. इसके बाद इसे एक साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में भरें. जार में नमी नहीं होनी चाहिए क्योंकि अचार को रखने के दौरान साफ-सफाई और सूखापन काफी जरूरी होता है. अचार भरने के बाद जार को एक से दो दिन धूप में रख दें. इससे मसालों का स्वाद लौकी में अच्छी तरह उतरने में मदद मिलेगी.
परांठे से लेकर दाल-चावल तक के साथ खाएं
एक से दो दिन बाद आपका चटपटा लौकी का अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा. इसे परांठे के साथ परोसा जा सकता है, वहीं दाल-चावल के साथ भी इसका स्वाद अच्छा लगता है. खास बात यह है कि जिस लौकी को बच्चे सब्जी के रूप में खाने से मना कर देते हैं उसे मसालेदार और चटपटे स्वाद में उनके सामने अलग तरीके से परोसा जा सकता है. घर में मौजूद सामान्य मसालों से बनने वाली यह रेसिपी बुंदेलखंडी देसी स्वाद को भी खाने की थाली में जोड़ देती है.
About the Author
with more than more than 5 years of experience in journalism. It has been two and half year to associated with Network 18 Since 2023. Currently Working as a Senior content Editor at Network 18. Here, I am cover…
और पढ़ें